कासगंज में डाक कांवड़ की टोली को ईको कार ने रौंदा, जीजा-साले की मौत; एक गंभीर
आगरा-कासगंज मार्ग पर सोमवार तड़के चार बजे नदरई क्षेत्र में काली नदी के पास डाक कांवड़ लेकर आगरा जा रहे कांवड़ियों की टोली में तेज रफ्तार ईको कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दो की मौत हो गई। एक को गंभीर हालत में आगरा भेजा गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ईको कार को कब्जे में ले लिया है।
22 कांवड़ियों की टोली गई थी डाक कांवड़ लेने के लिए
कछला गंगा घाट से करीब 22 कांवड़ियों की टोली डाक कांवड़ लेकर आगरा की ओर जा रही थी। सोमवार तड़के चार बजे नदरई क्षेत्र में काली नदी के पास पहुंचने पर टोली में शामिल हरिगोविंद (25) पुत्र महावीर सिंह निवासी पन्नाबाई, थाना फतेहपुर सीकरी, आगरा और राहुल (20) पुत्र जगदीश निवासी सगुनापुर, थाना मलपुरा आगरा को पीछे से आ रही ईको कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक अन्य कांवड़ियां घायल हो गया।
दो कांवड़ियों को मृत घोषित किया
मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां हरिगोविंद और राहुल को मृत घोषित कर दिया। हरिगोविंद और राहुल आपस में रिश्ते के जीजा-साले थे। हादसे के बाद कांवड़ियों की टोली थम गई। बता दें कि डाक कांवड़ की टोली गंतव्य तक पहुंचने से पहले रुकती नहीं है।
कार को कब्जे में लिया
कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि ईको कार को कब्जे में लेकर घटना की जांच की जा रही है। हादसे में घायल विवेक पुत्र सुंदरिया निवासी नौलक्खा सदर को गंभीर हालत में उपचार के लिए आगरा भेजा गया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

