टाटानगर में ट्रेन की छत पर चहल-कदमी के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, जोरदार झटके से नीचे गिरा

3.2kViews
1056 Shares
टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक खड़ी ट्रेन की छत पर चढ़ गया और हाईटेंशन बिजली (OHE) तार की चपेट में आ गया।
बिजली का तेज झटका लगते ही युवक ट्रेन की छत से सीधे नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद रेलकर्मियों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रेन की छत पर चहल-कदमी कर रहा था युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 30 वर्षीय युवक सागु राम स्टेशन पर खड़ी टाटा-दानापुर ट्रेन के कोच के ऊपर चढ़ गया। आसपास मौजूद लोगों और यात्रियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
युवक ने लोगों से कहा कि वह ट्रेन के ऊपर चढ़कर एक छोर से दूसरे छोर तक जाएगा और इसके बाद वह छत पर ही टहलने लगा।

हाईटेंशन तार की चपेट में आया

ट्रेन की छत पर चहल-कदमी करने के दौरान युवक ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया। जोरदार करंट लगने के कारण वह छिटककर नीचे गिर पड़ा।
घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

हालत स्थिर, जांच में जुटा रेल प्रशासन

अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में युवक का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार करंट लगने से वह झुलस गया है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है कि युवक किस परिस्थिति में ट्रेन की छत तक पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *