सरधना रोड पर नंगलाताशी पुलिस चौकी के सामने ट्रक ने साइकिल सवार बच्चे को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही बच्चा पहिये की चपेट में आ गया। चीख पुकार के बीच भीड़ जमा हो गई। ट्रक चालक गंभीर हालत में बच्चे को गोद में पास के डिवाइन हाॅस्पिटल लेकर पहुंचा। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को गंभीर हालत में एंबुलेंस से सुभारती हास्पिटल रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई।
कंकरखेड़ा क्षेत्र में सैनिक विहार ए ब्लाक निवासी कादिर मजदूरी करता है। कादिर का 10 वर्षीय पुत्र अरमान अपने नाना इकराम निवासी सैनिक विहार के साथ साइकिल पर पीछे बैठकर किसी काम से सरधना रोड की ओर जा रहे थे। जैसे ही यह साइकिल सवार नाना और धेवता नंगलाताशी चौकी के सामने पहु़ंचे, तभी सरधना की ओर जा रहे ट्रक चालक चौकी के सामने से कंकरखेड़ा की ओर जाने को यू-टर्न ले रहा था। तभी ट्रक की टक्कर की टक्कर साइकिल से हो गई।
जिससे साइकिल के पीछे बैठा अरमान सड़क पर गिर गया और ट्रक की चपेट में आ गया। हालांकि नाना भी गिरा, मगर वह मामूली रूप से चोटिल हुए। शोर शराबे के बीच राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय पार्षद पति सतीश प्रजापति और चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे के बाद लगे जाम को पुलिस ने खुलवाया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को गोद में लेकर ट्रक चालक जान मोहम्मद निवासी जानसठ खुद घायल बच्चे को नंगलाताशी गेट के सामने डिवाइन हास्पिटल लेकर पहुंचा।
चालक के कपड़े भी खून में सन गए। हास्पिटल में डा. प्रकाश ठाकुर, डा. रविंद्र ठाकुर और डा. विभोर ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। इस बीच बच्चे के अन्य स्वजन भी हाॅस्पिटल पहुंच गए। मगर, बच्चे की हालत गंभीर देख उसे एंबुलेंस से सुभारती अस्पताल रेफर कर दिया, जहां हाॅस्पिटल में उसकी मौत हो गई। वहीं बच्चा अरमान के मौसा जबरदीन निजामू ने बताया कि बच्चे की मौत हो गई है।
इस प्रकरण में इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रक की चपेट में आकर बच्चा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जो अपने नाना के साथ साइकिल पर बैठकर जा रहा था। ट्रक चालक ने भी घायल बच्चे को हाॅस्पिटल में भर्ती कराया था। सुभारती हाॅस्पिटल में स्वजन घायल बच्चे को ले गए थे, जहां उसकी मौत हो गई। ट्रक कब्जे में है और चालक हिरासत में है। तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बिजनौर में रेलवे फाटक के पास खड़े युवक को ट्रक ने रौंदा
स्योहारा (बिजनौर): नूरपुर रेलवे फाटक के पास खड़े युवक को शुक्रवार रात एक ट्रक ने रौंद दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान 27 वर्षीय मोहन सिंह उर्फ मोंटी पुत्र चंदू सिंह निवासी मुहल्ला इस्लामनगर, स्योहारा के रूप में हुई है।
युवक शुक्रवार रात किसी काम से फाटक के पास गया था, इसी दौरान नूरपुर से आए एक ट्रक ने उसे पीछे से उसे रौंद दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

