जमुई में चोरों का नया तरीका, अब जेवर-कैश के साथ जमीन के कागजात भी ले जा रहे

 थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों को परेशान कर रखा है। साथ ही चोरों ने चोरी करने का तरीका भी बदल लिया है।

पहले चोर घरों से पैसे, जेवरात, कपड़े आदि सामान की चोरी करते थे, लेकिन इन दिनों अब चोर घरवालों के जमीन के कागजात भी अपने साथ ले जा रहे हैं। यह स्थिति दादपुर गांव के दो घरों में हुई चोरी की घटना में सामने आई है।

पुलिस इस बिंदू पर गहन जांच कर रही है। बताया जाता है कि दादपुर गांव के राजेंद्र यादव के घर 22 जून की रात अज्ञात चोरों ने खिड़की काटकर घर में प्रवेश किया और बक्से में रखे पांच हजार रुपये नकद, 70 हजार रुपये के जेवरात, कपड़े के अलावा जमीन के कीमती कागजात की चोरी कर ली।

इसके अलावा उसी गांव के महेंद्र यादव के घर की दीवार काटकर चोर अंदर घुस गए। पीड़ित की पुत्री और पुत्र के लगभग 12 लाख रुपये के जेवरात, कपड़े के अलावा भूमि से संबंधित सभी कागजात और रसीद की चोरी कर ली गई।

इसके पहले चोरों ने अलकजरा गांव के एक घर से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी सहित अन्य सामान की चोरी कर ली थी। वहीं, पेट्रोल पंप के पास स्थित एक व्यक्ति के घर से लैपटॉप, नकदी सहित अन्य सामान की भी चोरी कर ली गई।

इन सभी मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई प्रारंभ कर दी है, परंतु अभी तक किसी भी मामले का पर्दाफाश नहीं हो पाया है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने चोरी की घटना से अनभिज्ञता जाहिर की, बावजूद इस मामले का पर्दाफाश जल्द करने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *