उत्तर रेलवे के लिए 17 जुलाई ऐतिहासिक दिन साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तैयार किए 11 अत्याधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें अंबाला रेल मंडल के अंब अंदौरा, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) कालका और आनंदपुर साहिब स्टेशन भी शामिल हैं।
करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया है, जिससे यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों को केवल नया स्वरूप नहीं दिया गया, बल्कि उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया गया है। अंबाला मंडल के अंब अंदौरा स्टेशन पर 23.84 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
आनंदपुर साहिब को 22,20 करोड़ रुपये की लागत से सुधारा
यहां विस्तृत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज, अतिरिक्त टिकट एवं पूछताछ काउंटर, नई एलईडी प्रकाश व्यवस्था और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं विकसित की हैं।
आनंदपुर साहिब स्टेशन को 22.20 करोड़ रुपये की लागत से श्रद्धालुओं और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर संवारा है। यहां विशाल फुट ओवर ब्रिज, हाई-मास्ट एलईडी लाइटें, उन्नत प्लेटफार्म शेल्टर, आधुनिक प्रतीक्षालय, एग्जीक्यूटिव लाउंज और श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रतीक्षालय बनाया है। मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर स्टेशन पर 22.17 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
स्टेशन को किया गया पुनर्विकसित
यहां 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, दोनों ओर प्लेटफार्म का आधुनिकीकरण, लिफ्ट, टैक्टाइल पथ, आधुनिक प्रतीक्षालय और बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई है। उद्घाटन सूची में शामिल जालंधर कैंट स्टेशन सबसे महंगा पुनर्विकसित स्टेशन है। इस पर 98.89 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। हरियाणा के नरवाना स्टेशन पर 28.30 करोड़ की लागत से लिफ्ट, रैंप, टैक्टाइल पथ, नए प्रतीक्षालय और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था तैयार की है।
वहीं कालका स्टेशन पर 31.42 करोड़ रुपये की लागत से नई पार्किंग, आधुनिक शौचालय, उन्नत प्लेटफार्म शेल्टर, लिफ्ट और रैंप जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसके अलावा धामपुर (17.31 करोड़), मोदीनगर (23.75 करोड़), मुक्तसर (21.25 करोड़), शामली (22.08 करोड़) और हर्रावाला (30.21 करोड़) स्टेशनों पर भी आधुनिक यात्री सुविधाओं का व्यापक विस्तार किया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य स्टेशनों को आधुनिक परिवहन केंद्र बनाना है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

