बाराबंकी : डाकघर में पासपोर्ट रूम तैयार, आवेदनकर्ताओं के बैठने के इंतजाम ना होने से रुका संचालन

1935 Shares

 लाजपतनगर प्रधान डाकघर में पासपोर्ट कक्ष तो तैयार हो गया। मगर अब यहां पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों के बैठने के इंतजाम न किए जाने से इसे शुरू नहीं किया जा सका है। पासपोर्ट बनाने का कार्य अप्रैल माह के दूसरे सप्ताह से शुरू होना था। डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की बीते फरवरी माह में मंजूरी पासपोर्ट कार्यालय से मिल गई थी।

लखनऊ रीजनल पासपोर्ट कार्यालय से दो अधिकारियों की टीम लाजपतनगर स्थित प्रधान डाकघर में स्थलीय निरीक्षण करने के बाद इसलिए संचालन नहीं शुरू किया, क्योंकि यहां पर पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों को बैठने के लिए सुविधा नहीं दी गई है। पोस्ट मास्टर जनरल लखनऊ परिक्षेत्र की ओर से कक्ष के निकट ही बैठने के लिए केबिन बनाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।

संचालन के बाद नहीं जाना पड़ेगा लखनऊ

संचालन के बाद जिले के लोगों को लखनऊ पासपोर्ट बनवाने नहीं जाना पड़ेगा। प्रधान डाकघर में आसानी से किसी भी व्यक्ति का पासपोर्ट बन सकेगा। पोस्ट मास्टर जनरल लखनऊ परिक्षेत्र को उन्होंने डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव दिया था।

प्रधान डाकघर के डाक अधीक्षक पुरुषोत्तमनाथ का कहना है कि पासपोर्ट कक्ष पूरा तैयार है। आवेदनकर्ताओं के बैठने के लिए सुविधा न होने से कार्य रुका है। कक्ष से सटी जगह की दीवार तोड़कर वहां पर आवेदनकर्ताओं के बैठने के लिए अलग कक्ष बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी।

लोग बोले जल्द शुरू हाे संचालन

सत्यप्रेमीनगर निवासी कपिल जायसवाल का कहना है कि उम्मीद थी मार्च माह में ही जिले में पासपोर्ट कार्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा। जुलाई माह का दूसरा सप्ताह शुरू हो गया है, अभी भी शुरू होने में दिक्कतें बताई जा रही है। पूर्व सभासद प्रद्युम्न यादव, अधिवक्ता शिवम शुक्ला का कहना है कि संचालन होने से कम से कम लखनऊ पासपोर्ट बनवाने नहीं जाना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *