हरिद्वार में महिला हत्याकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपित गिरफ्तार
शहर कोतवाली क्षेत्र के आस्था पथ मार्ग पर 10 दिन पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
देह व्यापार के पैसे मांगने और पुलिस में शिकायत की धमकी देने पर बिजनौर के दो युवकों ने महिला की गला घोंटकर हत्या की थी।
पुलिस ने आधी रात को हुई एक मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपित को पैर में गोली लगने पर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा।
झाड़ियों में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 28 जून को नगर कोतवाली क्षेत्र के आस्था पथ मार्ग स्थित झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस पर फायरिंग
मुखबिर और सीसीटीवी फुटेज से मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने आधी रात को उत्तरी हरिद्वार के दुधियाबंद तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया।
- इस दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के पैर में गोली लगी और वह गिर गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला।
पैसे के विवाद में की थी हत्या
घायल आरोपित की पहचान जिशान (निवासी नहटौर, बिजनौर उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
- पूछताछ में जिशान ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया 28 जून को वह अपने साथी शाहनवाज के साथ हरकी पैड़ी से महिला को बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की झाड़ियों में ले गया था।
- वहां शारीरिक संबंध बनाने के बाद जब महिला ने तय रकम मांगी और न देने पर पुलिस में शिकायत की धमकी दी, तो दोनों ने मिलकर महिला की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
- पहचान छिपाने के लिए उन्होंने महिला के चेहरे पर मुक्के भी मारे, उसका मोबाइल छीन लिया और सिम निकालकर गंगा में फेंक दिया।
मुठभेड़ में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से अवैध हथियार और महिला का मोबाइल बरामद हुआ है। फरार आरोपित शाहनवाज की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं, उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अभय प्रताप सिंह, एसपी सिटी, हरिद्वार

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

