सिंगरौली में अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा, तीन वाहन जब्त
सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग की टीम ने बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करने वाले तीन वाहनों को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर के निर्देश एवं जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा ने कार्रवाई करते हुए बिना अभिवहन पास के बोल्डर का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। जब्त वाहन को आवश्यक सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस थाना मोरवा में खड़ा कराया गया है।

वहीं सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया ने अलग कार्रवाई करते हुए गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो वाहनों को पकड़ा। जब्त किए गए वाहनों के पंजीयन क्रमांक MP66G0115 एवं MP66G2132 हैं। दोनों वाहनों को सुरक्षार्थ पुलिस चौकी सासन में खड़ा कराया गया है।
जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जब्त किए गए सभी वाहनों के विरुद्ध खनिज नियमों एवं प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और बिना वैध अभिवहन पास के परिवहन करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

