केरलम के वायनाड में सुरंग निर्माण के दौरान हुए भूस्खलन हादसे ने हिमाचल के मंडी जिला के रिवालसर क्षेत्र को गहरे जख्म दिए हैं। पिछले 48 घंटों से मलबे में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे 27 वर्षीय युवा इंजीनियर राहुल शर्मा का वीरवार सुबह शव बरामद हुआ। इस दुखद खबर के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया है और हर आंख नम है।
हादसे ने छीनीं खुशियां, मार्च में ही हुई थी शादी
नियति का क्रूर मजाक देखिए कि अभी राहुल के हाथों के सेहरे की खुशबू भी कम नहीं हुई थी और पत्नी कल्पना के हाथों की मेहंदी उतरने से पहले ही उसका सुहाग उजड़ गया। दोनों की शादी इसी साल मार्च में हुई थी। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में मटियामेट कर दिया।
शादी के बाद किया था केरलम में ज्वाइन
शादी के बाद राहुल ने वायनाड में सुरंग निर्माण कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी में पदभार संभाला था। वह पत्नी को भी साथ लेकर गया था। स्वजन ने दोनों को खुशी-खुशी विदा किया था, करीब सवा चार माह बाद कल्पना को अपने पति के शव के साथ घर लौटना पड़ा है।
मां को नहीं दी गई जानकारी
राहुल की मौत की खबर से अनजान मां हादसे की शुरुआती सूचना के बाद से ही गहरे मानसिक सदमे में है, जिसके चलते स्वजन ने अभी तक उन्हें बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी है।
पिता हुए बेसुध
उधर, वायनाड में मौके पर डटे पिता रूपदेव और मामा पिछले दो दिनों से अपने लाडले के जिंदा बचने की आस लगाए बैठे थे, लेकिन वीरवार सुबह जैसे ही मलबे से राहुल का बेजान शरीर बाहर निकला, पिता बेसुध हो गए।
हेलीकॉप्टर में चंडीगढ़ पहुंचेंगी पार्थिव देह
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार वायनाड में पोस्टमार्टम के बाद राहुल की पार्थिव देह को हेलीकाप्टर के माध्यम से चंडीगढ़ लाया जाएगा। वहां से सड़क मार्ग द्वारा शव को उनके पैतृक गांव डोह पहुंचाया जाएगा, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

