ओडिशा में मूसलाधार बारिश से हाहाकार: सड़कों में तैरती दिखी कार, सिंचाई परियोजना का एक हिस्सा धव्स्त
पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने ओडिशा के बलांगीर जिले के कांटाबांजी और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं, गांवों में पानी भर गया है और कृषि भूमि डूब गई है।
लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।
तेज बहाव में बह गई कार
बारिश की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कांटाबांजी में एक कार तेज बारिश के पानी के बहाव में बह गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के दृश्य क्षेत्र की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।ॉ
कई सड़कों पर पानी जमा हो जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का पानी अभी तक नहीं उतरने के कारण अनेक इलाके जलमग्न बने हुए हैं।
माइनर इरिगेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा ध्वस्त, खेतों में घुसा पानी
लगातार बारिश से बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। तुरेकेला ब्लॉक के हलानाटा ग्राम पंचायत अंतर्गत गुर्जीभाटा गांव में स्थित माइनर इरिगेशन प्रोजेक्ट (एमआईपी) का एक हिस्सा भारी वर्षा के कारण ध्वस्त हो गया। इसके चलते आसपास के गांवों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
बारिश का असर मुरीबाहाल और बंगोमुंडा क्षेत्रों में भी देखने को मिला है, जहां बड़ी मात्रा में कृषि भूमि पानी में डूब गई है। किसानों को आशंका है कि यदि अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रही तो खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।
जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलमग्न सड़कों से पानी निकासी, नुकसान का आकलन करने और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने की मांग की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

