जुलाई माह का राशन वितरण छह जुलाई से शुरू हो गया है। यह अभियान 20 जुलाई तक चलेगा। अंत्योदय और पात्र गृहस्थी योजना के सभी लाभार्थियों को तय तिथियों में उचित दर की दुकानों से राशन वितरित किया जाएगा। वितरण नामित नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में कराया जाएगा।
अंत्योदय योजना के 48,348 राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किलो खाद्यान्न मिलेगा, जिसमें 14 किलो गेहूं और 21 किलो चावल शामिल है। इसके अलावा प्रति कार्ड तीन किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से कुल 54 रुपये में उपलब्ध कराई जाएगी।
पात्र गृहस्थी योजना के 11,85,747 यूनिटधारकों को प्रति सदस्य पांच किलो खाद्यान्न मिलेगा। इसमें दो किलो गेहूं और तीन किलो चावल शामिल रहेगा। यह खाद्यान्न पूरी तरह निश्शुल्क वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी क्यामुद्दीन अंसारी ने बताया कि लाभार्थी पोर्टेबिलिटी व्यवस्था के तहत अपने निर्धारित कोटेदार के अलावा जिले की किसी भी उचित दर की दुकान से राशन प्राप्त कर सकते हैं।
यानी यदि किसी कारणवश अपने कोटे की दुकान से राशन नहीं मिल पा रहा है या लाभार्थी किसी अन्य स्थान पर है, तो वह दूसरी उचित दर की दुकान से भी अपना राशन ले सकता है। जिन उपभोक्ताओं का आधार प्रमाणीकरण नहीं हो पाएगा, उन्हें अंतिम दिन 20 जुलाई को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से भी राशन दिया जाएगा।राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, कम तौल, अधिक मूल्य वसूली या अन्य शिकायत होने पर लाभार्थी संबंधित तहसील के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। बांदा तहसील के लिए 9580362849, बबेरू के लिए 8299159096, नरैनी के लिए 9919234271, पैलानी के लिए 9415845845 तथा अतर्रा तहसील के लिए 7905874983 नंबर जारी किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी पात्र लाभार्थियों से 20 जुलाई से पहले अपना राशन अवश्य प्राप्त करने की अपील की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

