बिहार: दहेज में ₹5000 कम पड़े तो तिलक में बवाल, लड़की वालों को बंधक बनाकर पीटा; भाई का हाथ तोड़ा

1581 Shares

 चौतरवा थाना क्षेत्र के मझौवा गांव में दहेज की राशि में पांच हजार रुपये बकाया रहने को लेकर तिलक समारोह के दौरान जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि लड़का पक्ष ने लड़की पक्ष के लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर रखा और उनके साथ मारपीट की।

घटना में लड़की के भाई का हाथ टूट गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। दोनों का इलाज बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के बनचहरी तेलिया टोला निवासी सुरेंद्र मिश्र ने अपनी पुत्री का विवाह मझौवा निवासी राजन पांडेय के पुत्र सचिन पांडेय के साथ तय किया था। तिलक में तीन लाख पांच हजार रुपये नकद और एक अपाची बाइक देने की बात हुई थी।

सोमवार की शाम लड़की पक्ष के लोग तिलक लेकर लड़के के घर पहुंचे। इसी दौरान लड़के के पिता ने पांच हजार रुपये बकाया होने की बात कहते हुए तिलक का सामान उतारने से इनकार कर दिया। बाद में ग्रामीणों और स्वजन के समझाने-बुझाने पर तिलक की रस्म पूरी कराई गई।

लड़की पक्ष के 5 लोगों को रोका, मारपीट का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि भोजन के बाद लड़की पक्ष के पांच लोगों को रोक लिया गया और बकाया राशि की मांग को लेकर उनके साथ मारपीट की गई। मारपीट में लड़की के भाई मणिंद्र कुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उनका हाथ टूट गया।

स्वजन का यह भी आरोप है कि कुछ लोगों ने उन्हें उठाकर पास के नाले में फेंक दिया और जान से मारने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से उनकी जान बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर चौतरवा थाना की डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बंधक बनाए गए लोगों को मुक्त कराया।

मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई जाएगी। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *