जिले के सिमरी थाना क्षेत्र में बागमती नदी पर बने सरवर सेतु से एक किशोर नदी में गिरकर लापता हो गया।
शुक्रवार शाम हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह तक भी खोज अभियान जारी था।
चार दोस्तों के साथ घूमने गया था
जानकारी के अनुसार, अरई बिरदीपुर पंचायत के अरई वार्ड संख्या नौ निवासी मोहम्मद अली रेजा का 16 वर्षीय पुत्र अहमद शुक्रवार शाम करीब सात बजे अपने चार दोस्तों के साथ बागमती नदी पर बने सरवर सेतु पर घूमने गया था। इसी दौरान वह अचानक पुल से नीचे नदी में गिर गया।
घटना के समय उसके साथ मौजूद अन्य चारों युवक सुरक्षित हैं। अहमद नौवीं कक्षा का छात्र है और अपने पांच भाइयों में चौथे स्थान पर है।
देर रात तक चली तलाश
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे तक नदी में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार सुबह तक भी किशोर का कोई पता नहीं चल सका था।
घटना की सूचना सिमरी थाना पुलिस को दे दी गई है। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से किशोर की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ-साथ खोज अभियान पर नजर बनाए हुए है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

