बेंगलुरु: भारी बारिश के कारण क्लब की दीवार गिरने से ऑटो ड्राइवर की मौत, कई जगहों पर भरा पानी

1431 Shares

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में शुक्रवार शाम को तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश के कारण क्लब की दीवार गिरने से ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। पश्चिम बेंगलुरु में एक निजी क्लब की परिसर की दीवार अचानक ढह गई, जो सीधे वहां खड़े एक ऑटो रिक्शा पर जा गिरी।

विजयनगर पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गंगोंडनहल्ली के रहने वाले ऑटो ड्राइवर शिवबोरैया ने शाम करीब 7:40 बजे हम्पीनगर में विजयनगर क्लब के पास सड़क किनारे अपना ऑटो पार्क किया था। इसी दौरान तेज बारिश के बीच क्लब की करीब सात से आठ फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई।

यह भारी-भरकम दीवार सीधे खड़े ऑटो पर गिरी, जिससे शिवबोरैया उसके अंदर ही फंस गए। मलबे और बुरी तरह पिचके ऑटो के बीच दबने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस, दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया।

राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया, लेकिन तब तक शिवबोरैया की मौत हो चुकी थीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार को सूचित कर दिया गया है और उनकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दीवार गिरने का मुख्य कारण क्या था। पिछले एक महीने में शहर में दीवार गिरने की यह दूसरी घटना है।

मानसून से पहले की बारिश ने थामी रफ्तार

दीवार गिरने का यह हादसा उस तबाही का हिस्सा था, जो शुक्रवार शाम की बारिश ने पूरे बेंगलुरु शहर में मचाई। कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून के संभावित आगमन से पहले, मध्य और दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरु में प्री-मानसून की तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हुई। इस बारिश के कारण शहर की प्रमुख सड़कें और चौराहे पानी में डूब गए, कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और यातायात पूरी तरह से ठप हो गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार शाम 8:30 बजे तक बेंगलुरु शहर में 46 मिमी और एचएएल एयरपोर्ट क्षेत्र में 20.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में बारिश और तेज होने की संभावना है क्योंकि दक्षिणी प्रायद्वीप में मानसून मजबूत हो रहा है।

शाम को हुई इस तेज बारिश ने मध्य बेंगलुरु के कई निचले इलाकों को जलमग्न कर दिया, जिसमें शिवानंद जंक्शन की ओर जाने वाली कुमार कृपा रोड, अनिल कुंबले सर्कल की ओर जाने वाली क्वींस रोड, विट्टल माल्या रोड और मेखरी सर्कल के पास कैंटोनमेंट रेलवे अंडरपास शामिल हैं।

इसके अलावा केआर मार्केट से एसजेपी रोड की तरफ भी भारी जलभराव देखा गया। दक्षिण-पश्चिम बेंगलुरु में मैसूरु रोड के कई हिस्सों, जैसे चामराजपेट, भेल (BHEL) जंक्शन और नयनदहल्ली में भीषण पानी भर गया, जिससे शाम के पीक आवर्स में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग जाम में फंस गए।

राहत कार्य में जुटे कर्मचारी

सड़कों पर लगे भीषण जाम को खुलवाने और बंद पड़े नालों को साफ करने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों और नागरिक निकाय के कर्मचारियों को कई स्थानों पर तैनात किया गया। कुमारस्वामी लेआउट, विद्यारण्यपुरा और पीईएस यूनिवर्सिटी के पास आउटर रिंग रोड पर उखड़े हुए पेड़ों को हटाने के लिए आपातकालीन कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि पेड़ गिरने से रास्ते पूरी तरह बंद हो गए थे और राहगीर करीब दो घंटे तक फंसे रहे।

बेंगलुरु में बारिश का यह रौद्र रूप लगातार दूसरे दिन देखने को मिला है, क्योंकि इससे पहले गुरुवार शाम को भी मुख्य रूप से पश्चिम और दक्षिण बेंगलुरु में करीब 68 पेड़ उखड़ गए थे। प्रशासन लगातार स्थिति को सामान्य करने की कोशिशों में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *