सदर थाना क्षेत्र के होरिलगंज प्रेम नगर मोहल्ले में सोमवार की रात चोरों ने जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) सैनिक मुकेश कुमार के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति की चोरी कर ली।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठाए हैं।
पीड़ित मुकेश कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य घर के एक एसी वाले कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर सो रहे थे। इसी दौरान देर रात घर के दूसरे फ्लैट की ओर से कुछ आहट सुनाई दी।
संदेह होने पर जब वे कमरे से बाहर निकले और दूसरे हिस्से में पहुंचे तो देखा कि पीछे की खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ है। घर के अंदर रखे गोदरेज अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
मुकेश कुमार के अनुसार, चोर करीब आठ लाख रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी।
सूचना के बाद रात में पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई तथा मामले की जांच शुरू करने की बात कही।
पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले भी उनके घर के पास एक अन्य मकान में चोरी की घटना हुई थी। उस मामले में संबंधित परिवार द्वारा सदर थाना में आवेदन देने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व की घटनाओं का खुलासा नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही रात में घटना स्थल पर पुलिस गई थी। मामले की जांच कर रहे हैं। इस संबंध में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर उसके आलोक में कार्रवाई की जाएगी।


