कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के समीप शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रॉला ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। दोनों भाई रेवाड़ी जिले के गांव सगवाड़ी में अपनी बहन को तीज का त्योहार देने के बाद वापस लौट रहे थे। दोनों अविवाहित थे।
जानकारी अनुसार, राजस्थान के खैरथल जिले के भगेरी गांव के रहने वाले करीब 21 वर्षीय नितिन और 20 वर्षीय प्रिंस सगे भाई थे और एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार को दोनों भाई संगवाड़ी स्थित अपनी बहन के घर तीज का त्योहार देने आए थे और रात को वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान बोलनी चौक के पास सामने से तेज रफ्तार आ रहे एक ट्रॉला ने दोनों युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों शवों को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया। रविवार को कसोला थाना पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया।
पुलिस ने अज्ञात ट्रॉला चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपित चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके। इस दुखद घटना से संगवाड़ी स्थित बहन के घर मातम पसरा हुआ है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

