विधायक उमाशंकर सिंह के निधन पर अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब, बयासी घाट बलिया पर होगा अंतिम संस्कार
रसडा विधायक उमाशंकर सिंह के असामयिक निधन पर अंतिम दर्शन के लिए गुरुवार को भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। सुबह से ही उनके आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। लखनऊ में पहुँचकर लोगों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान माहौल गमगीन रहा और लोगों ने नम आंखों से अपने प्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई दी।
बुधवार की रात विधायक उमाशंकर सिंह की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी। उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने उन्हें गरीबों और जरूरतमंदों का सच्चा हितैषी बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा को समर्पित किया।
उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी उनके प्रति जनता के स्नेह और सम्मान का प्रतीक रही। सांसद सनातन पांडेय के पुत्र रामेश्वर पांडेय, पूर्व विधायक मंजू सिंह समेत भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के हजारों लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
विधायक उमाशंकर सिंह के पुत्र युकेश सिंह ने बताया कि गुरुवार अपराह्न से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक पिता जी का शव आमजन के दर्शनार्थ रखा जाएगा। बयासी घाट बलिया पर गंगा किनारे शुक्रवार को अंतिम संस्कार होगा। वहीं गुरुवार की सुबह बसपा प्रमुख मायावती ने भी पहुंचकर परिवार के प्रति शोक संवेदना जताई और पार्टी के लिए उनके योगदान को याद किया।
दुकानें बंद रखकर व्यापारियों ने दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह को दी श्रद्धांजलि। नगरा बाजार पूरी तरह शोक में डूबा रहा और व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर दिवंगत जनप्रतिनिधि के प्रति सम्मान प्रकट किया। नगरा बाजार, गोठाई, बछईपुर, चोगडा, सलेमपुर, कुरेजी आदि क्षेत्रों के व्यापारियों ने कहा कि उमाशंकर सिंह जनता के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधि थे। उन्होंने क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य किया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
बाजार बंद रहने के दौरान व्यापारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत विधायक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे और सभी ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
उमाशंकर सिंह का निधन क्षेत्र के लिए एक बड़ा नुकसान है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी सेवाएं और जनहित के कार्यों को लोग कभी नहीं भूलेंगे। उनके प्रति यह श्रद्धांजलि न केवल उनके प्रति सम्मान है, बल्कि उनके द्वारा किए गए कार्यों की भी एक पहचान है। क्षेत्रवासियों ने उनके प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा उनके दिलों में जीवित रहेंगे।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

