दहेज के दानव ने फिर एक और बेटी की जान ले ली। दहेज हत्या किश्त पर ली गई बाइक के लोन अदा करने को लेकर की गई। बेटी के सुखी दांपत्य की कामना करते हुए पिता ने बेटी को लोन लेकर बाइक दी। बाइक की किश्तें पहले तो चलाते रहे, लेकिन हाथ तंग हुआ तो किस्तें टूट गईं।
इस पर किश्त वसूलने वाले एजेंट विवाहिता के ससुराल पहुंच गए। इससे नाराज हाेकर आरोपित पति ने पहले तो विवाहिता के साथ मारपीट की और बाद में फंदे पर लटकाकर मार डाला।
घटना बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव की है। विवाहिता प्रीति की उम्र महज 23 वर्ष थी। उसकी शादी को एक वर्ष ही हो पाया। पीड़ित पिता की ओर से आरोपित ससुराल वालों के विरुद्ध शिकायती पत्र दिया गया।
लोन लेकर दहेज में दी बाइक, किस्तें न चुकाने पर विवाहिता को मार डाला
बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव बेहटी निवासी चंद्रपाल ने बताया कि उसने अपनी 23 वर्षीय बेटी प्रीति की शादी वीरेंद्र निवासी रामपुर अमृत के साथ 11 मई 2025 को हिंदू रीति रिवाज के साथ की थी। तब से आरोपित लगातार दहेज की मांग करते रहते थे। शादी के दो माह दो लाख रुपये की मांग रख दी। मना करने पर मेरी पुत्री को लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देते रहते थे।
एक वर्ष पहले ही मई 2025 में वीरेंद्र के साथ हुई थी प्रीति की शादी
चंद्रपाल ने बताया कि शुक्रवार को मेरी बेटी ने बताया था कि आरोपित लोग दहेज की खातिर परेशान करते हैं, जो मोटरसाइकिल दहेज में दी गई थी, उसकी किस्त ना अदा करने पर पुत्री के साथ मारपीट की। बेटी ने जब मना किया की मोटरसाइकिल तुम चलाते हो तो अपने आप किस्त दो, मेरे मां-बाप अब किस्त नहीं दे पाएंगे। इसी से नाराज होकर वीरेंद्र ने मेरी बेटी के साथ अपने घर वालों के साथ मिलकर मारपीट की और उसके बाद उसे फंदे पर लटकाकर मार दिया।
पीड़ित चंद्रपाल ने पुलिस को ससुरालियों के विरुद्ध दिया शिकायती पत्र
वीरेंद्र की बहन सुनीता देवी नोएडा में नौकरी करती हैं, उन्होंने मेरे पुत्र अचल कुमार को सूचना दी कि तुम्हारी बहन की तबीयत खराब है। जल्दी जाकर देख लो जब मैं अपने पुत्र के साथ गांव रामपुर अमृत पहुंचा तो वहां पर कोई भी नहीं मिला। मुहल्ले वालों ने बताया कि आरोपित लोग प्रीति को डॉक्टर के पास लेकर गए हैं। जब मैं बिलसंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा तो वहां मेरी बेटी प्रीति मृत मिली।
मौका पाकर आरोपित मौके से फरार हो गए, जिसकी सूचना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों के माध्यम से पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर प्राथमकी पंजीकृत की जाएगी।


