पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में कम अंक आने व फेल होने के डर से गजरौला कलां क्षेत्र के गांव देवीपुरा निवासी सौरभ ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। वह दोस्तों के साथ प्रश्न पत्र के उत्तरों का मिलान कर रहा था। इसी बीच पेपर खराब होने की चिंता में उसने यह कदम उठा लिया।
देवीपुरा के निवासी सौरभ गंगवार ने गुरुवार दोपहर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। तीन घंटे चले इलाज के बाद उसकी मृत्यु हो गई। गजरौला पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
स्वजन के अनुसार, सौरभ लंबे समय से पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसे इस परीक्षा से काफी उम्मीदें थीं। उसने आठ जून को सिपाही पद को लेकर हुई पुलिस भर्ती लिखित परीक्षा दी थी। उसकी परीक्षा लखीमपुर खीरी के एक परीक्षा केंद्र पर द्वितीय पाली में हुई थी।
सौरभ के दोस्त अभिषेक का पेपर बुधवार को शाहजहांपुर के केंद्र पर हुआ था। गुरुवार सुबह पूर्वाह्न 11 बजे दोनों दोस्त घर पर एक साथ बैठे हुए थे और अपने-अपने प्रश्न पत्रों का मिलान करते हुए अंकों को जोड़ रहे थे। अंकों का मिलान करने के दौरान सौरभ को यह आभास हुआ कि उसके प्राप्तांक कट-आफ से कम रह सकते हैं।
परीक्षा में चयन होने की उम्मीद कम है। इसी बीच उसे पेपर ठीक न होने का एहसास हुआ और वह भविष्य की चिंता में आकर बुरी तरह घबराने लगा। दोपहर एक बजे वह अपने घर पहुंचा और चुपचाप छत पर बने कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया।
काफी देर तक जब वह छत से नीचे नहीं उतरा, तो स्वजन को चिंता सताने लगी। जब वे उसे देखने छत पर पहुंचे तो सौरभ कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा था, जिसे देखकर सभी डर गए। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और उसकी एक बहन है। इकलौते छोटे भाई की मौत से बहन और मां विद्योत्तमा देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

