रामपुर में रिया बनकर हिंदू युवक से शादी करने वाली लुटेरी दुल्हन यासमीन गिरफ्तार, पुलिस कई दिनों से कर रही थी तलाश

5.3kViews
1695 Shares

अपनी असली पहचान छिपाकर हिंदू युवक से शादी करने वाली बरेली की यासमीन और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की अब तक की जांच में वह लुटेरी दुल्हन निकली, जो शादी के बाद घर में रखा कीमती सामान और जेवर लेकर फरार होने की फिराक में थी, लेकिन कामयाब नहीं हो सकी।

अपने को घिरता देख उसने खुद ही पुलिस को फोन करके बुलाया था। अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया महिला लुटेरी दुल्हन है। पुनीत कुमार नाम के युवक से उसके दो साथियों कल्लू और राम सिंह ने एक लाख रूपये लेकर शादी कराई थी। लुटेरी दुल्हन और उसके दो साथियों पर ठगी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा।यह है मामला
सिविल लाइन क्षेत्र के नादरबाग निवासी पुनीत कुमार सब्जी विक्रेता हैं। पिता की मौत हो चुकी है। घर में बुजुर्ग मां एक भाई तरुण है। बहन की शादी हो चुकी है। पुनीत सब्जी का ठेला लगाते हैं। पुनीत के मौसा विजय सिंह टांडा में रहते हैं। पुनीत की शादी को लेकर उनके मौसा ने अपने दोस्त कल्लू से बात की थी। कल्लू टांडा थाना क्षेत्र के गजरौला गांव का है।

उसने ही महिला के साथी राम सिंह से मिलाया। कल्लू ने उन्हें लड़की दिखाने के लिए 11 जून को एक लाख रुपये लेकर बरेली बुलाया। पुनीत अपने मौसा के साथ बरेली गया। वहां दोनों ने लड़की को देखा। बात की। लड़की ने अपना नाम रिया गुप्ता बताया। रिया नाम से फर्जी आधार कार्ड भी दिखाया, जिससे उन्हें शक नहीं हुआ। लड़की पसंद आने पर एक लाख रूपये देकर लड़की को साथ लेकर रामपुर आ गए।

शाम को घर पर ही शादी की रस्म हुई। सात फेरे लिए। 12 जून को घर की दूसरी रस्में पूजा पाठ हुई। शनिवार को उनकी सुहागरात थी। रात होने से पहले ही दुल्हन घर का समान लेकर भागने की फिराक में थी, लेकिन घर में रिश्तेदार होने के कारण वह सफल नहीं सकी।

पुनीत के अनुसार वह बिना वजह लड़ाई झगड़ा करने लगी। बीमारी का बहाना बनाकर घर से जाने को कहने लगी। उसे काफी समझाया। जबरन घर से जाने की कोशिश की। रोकने पर उसने खुद ही अपनी पोल खोल दी और अपना नाम यासमीन निवासी बरेली बताने लगी। बाद में खुद ही पुलिस भी बुला ली। पुलिस उसे थाने ले आई और पूछताछ की।

सिविल लाइन थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि महिला बरेली के थाना व कस्बा आवला के मुहल्ला सैयादान की रहने वाली यासमीन पत्नी माहिर अली है। उसके चार बच्चे हैं। महिला और उसके दो साथियों राम सिंह व कल्लू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला पुलिस की हिरासत में है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *