हरिद्वार में Somvati Snan पर मुस्तैदी: छह सुपर जोन, 16 जोन व 46 सेक्टरों में पुलिस तैनात

 सोमवती अमावस्या स्नान पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद हो गया है। पूरे मेला क्षेत्र को छह सुपर जोन, 16 जोन व 46 सेक्टरों में बांटते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने शनिवार शाम पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पूरी निष्ठा से डयूटी करने के निर्देश दिए।

जेबकतरों व उठाइगिरों की निगरानी

जिलाधिकारी ने कहा कि स्नान पर्व पर हरकी पैड़ी सहित विभिन्न घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं स्नान के लिए पहुंचेंगे। ऐसे में श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करें। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी के निर्देश दिए गए।

एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि हरकी पैड़ी व प्रमुख स्नान घाटों पर भीड़ का दबाव बढ़ने की स्थिति में श्रद्धालुओं को वैकल्पिक घाटों की ओर डायवर्ट करें। जेबकतरों व उठाइगिरों की निगरानी की जाए। ट्रैफिक प्लान का शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। स्नान पर्व पर पुलिस से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के लिए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया।

ब्रीफिंग में एसपी क्राइम निशा यादव, एसपी देहात शेखर सुयाल, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ यातायात बिपेंद्र सिंह, शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा सहित कई राजपत्रित अधिकारी, अर्द्धसैनिक बल के जवान और पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *