लोहरदगा के कुडू में फर्नीचर शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

3.6kViews
1170 Shares

 लोहरदगा जिला के कुडू थाना क्षेत्र स्थित कुंदों मोड़ के समीप एक फर्नीचर शोरूम सह गोदाम में मंगलवार देर रात अचानक आग लग जाने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी।

फर्नीचर शोरूम से उठ रही ऊंची लपटों को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। अचानक प्रतिष्ठान से धुआं और आग की लपटें निकलनी शुरू हुईं। देखते ही देखते आग ने पूरे फर्नीचर शोरूम सह गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

फर्नीचर शोरूम में तैयार सोफा सेट, पलंग, कुर्सी, डायनिंग टेबल, मशीन सहित बड़ी मात्रा में फर्नीचर सामग्री रखी हुई थी। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने के प्रयास के बावजूद उस पर काबू नहीं पाया जा सका।

अगलगी की इस घटना में करीब एक दर्जन सोफा सेट सहित अन्य कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। दुकान मालिक ने पुलिस को जो आवेदन दिया है, उसमें 10 से 15 लाख रुपये के नुकसान की बात कही गई है।

बताया जा रहा है कि कुडू थाना क्षेत्र के कुंदों मोड़ पिपराटोली रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप कुमुदिनी तिर्की के मकान को किराया में लेकर कुडू निवासी सुरेश साहू के पुत्र रितेश साहू ने फर्नीचर दुकान, गोदाम और शोरूम खोला था। मंगलवार की रात सभी मजदूर गोदाम को बंद कर खाना खाने के लिए एक होटल में पहुंचे थे। इसी बीच किसी ने सूचना दी कि फर्नीचर शोरूम सह गोदाम से आग की लपटें निकल रहीं हैं।

सूचना मिलते ही दोनों रितेश साहू और उसका भाई विवेक कुमार गोदाम पहुंचे। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आसपास के ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी विकराल रूप धारण कर चुकी थी कि मकान के चारों तरफ से आग की लपटें निकल रही थी। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

घटना की सूचना लोहरदगा अग्निशमन विभाग को दी गई। इसके बाद अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया। वहीं सूचना मिलते ही कुडू थाना की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की है। कुडू थाना प्रभारी अजित कुमार का कहना है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस को आवेदन मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *