मैनपुरी सहायक डाकपाल आत्महत्या: आरोपित सर्वेक्षक निलंबित, एटा के अधीक्षक को अतिरिक्त प्रभार

6.9kViews
1505 Shares

सहायक डाकपाल निखिल वर्मा की आत्महत्या प्रकरण के तूल पकड़ने के बाद डाक विभाग भी हरकत में आ गया है। शुक्रवार को मैनपुरी और फिरोजाबाद के डाक सेवकों के विरोध के बाद पीएमजी कार्यालय, आगरा से रातों-रात कार्रवाई कर एटा के डाक अधीक्षक को मैनपुरी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया।

प्रभारी अधीक्षक ने शनिवार को आक्रोशित कर्मचारियों से भेंट कर आरोपित डाक सर्वेक्षक को निलंबित कर दिया। सभी को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आरोपित डाक अधीक्षक की जांच पीएमजी, आगरा द्वारा की जाएगी।

सहायक डाकपाल आत्महत्या प्रकरण में डाक विभाग की कार्रवाई

उप डाकघर बेवर के शाखा डाकघर मुड़ई में तैनात रहे सहायक डाकपाल निखिल वर्मा ने गुरुवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में उसने डाक अधीक्षक सुशील कुमार शुक्ला और मेल ओवरसियर (डाक सर्वेक्षक) श्याम मुरारी तिवारी पर आरोप लगाया था। पिता धर्मेंद्र की तहरीर पर शाम को नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई थी।

प्रभारी अधीक्षक ने दिया आश्वासन

शुक्रवार को मैनपुरी और फिरोजाबाद के ग्रामीण डाक सेवकों ने आक्रोश दिखाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। रात को पीएमजी कार्यालय द्वारा आरोपित डाक अधीक्षक एसके शुक्ला से जिम्मेदारी लेकर एटा के डाक अधीक्षक विजयवीर सिंह को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई। शनिवार को प्रभारी अधीक्षक ने मैनपुरी पहुंचकर दोपहर में डाक सेवकों से भेंट करते हुए बताया कि आरोपित डाक सर्वेक्षक को निलंबित कर दिया गया है। डाक अधीक्षक के विरुद्ध संपूर्ण जांच पीएमजी कार्यालय के उच्चाधिकारियों द्वारा की जाएगी।

चार सर्वेक्षकों के विरुद्ध भी कार्रवाई

डाक सेवकों द्वारा शनिवार को कई अन्य सर्वेक्षकों की भी शिकायत की गई। इस पर चार सर्वेक्षकों के दायित्व हटाकर पोस्टमैन की जिम्मेदारी सौंपी है। चारों को उनके मूल पद पर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *