प्रतापगढ़ डिपो के बेड़े में शामिल होंगी 10 नई रोडवेज बसें, सुगम होगा यात्रियों का सफर

1492 Shares

रक्षाबंधन पर यात्रियों की यात्रा सुगम बनाने के लिए प्रतापगढ़ डिपो के अफसरों ने इसकी तैयारी अभी से शुरू कर दी है। डिपो की छह कंडम बसों को बाहर कर दिया है। रक्षाबंधन से पहले डिपो में 10 नई बस लाने की तैयारी है, ताकि पर्व के दौरान यात्रियों की यात्रा सुरक्षित एवं सुगम हो सके।

एआरएम ने इसकी डिमांड क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी है। सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो नई बसें जल्द ही डिपो आ जाएंगी। सहालग एवं पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद अब डिपो के अफसरों का पूरा ध्यान रक्षाबंधन पर्व पर है। शहर से लेकर गांव हर रूट पर यात्रियों का दबाव बढ़ेगा।

सभी रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी

प्रतापगढ़ डिपो की छह बसें कंडम हो चुकी थी। वह आए दिन रास्ते में जवाब दे देती थी। कई बार यात्रियों को दूसरी बस में शिफ्ट तक करना पड़ा। इससे काफी दिक्कत होती है। इधर, अफसरों ने कंडम हो चुकी छह बसों को डिपो से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। अब उनके स्थान पर 10 नई बसों की डिमांड की गई है।

इन बसों को लंबे रूटों पर लगाया जाएगा। दिल्ली रूट पर अभी तीन बसें ही चल रही हैं। इसकी संख्या बढ़ाकर छह की जाएगी। इसके अलावा जिन रूटों पर बसों का संचालन नहीं हो रहा है, उन पर भी बसों के संचालन की तैयारी है। एआरएम ने क्षेत्रीय कार्यालय को 10 बसों की डिमांड भेज दी है।

सावन मास के मध्य चरण में बसों के आने की उम्मीद है। दरअसल यह तैयारी रक्षाबंधन के पर्व को लेकर की जा रही है। डिपो को इससे अच्छी कमाई होने की आस है। इसे लेकर भी अफसरों ने रूपरेखा तैयार की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सत्य प्रकाश ने बताया कि कंडम बसों को बाहर कर दिया गया है। नई बसों के डिमांड की गई है। इससे जिन रूट पर बसों की संख्या कम हैं, उन संख्या बढ़ाने की तैयारी है।

 

आंकड़ा

  • 79 बसों का संचालन
  • 10 से 12 लाख रुपये का आय प्रतिदिन
  • 15 लाख रुपये पर्व के दिनों में प्रतिदिन होती आय
  • 30 जुलाई से सावन शुरू
  • 28 अगस्त को रक्षाबंधन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *