व्यापार शुरू करने का जोश जब बिना सोचे-समझे अंधाधुंध विस्तार का रूप ले लेता है, तो परिणाम कितने भयानक हो सकते हैं, इसका एक जीता-जागता उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 25 साल के एक युवा उद्यमी ने क्लाउड किचन शुरू करने के चक्कर में खुद पर एक करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ा लिया।
कैसे शुरू हुआ कर्ज का यह भंवर?
रेडिट पर अपनी आपबीती साझा करते हुए इस युवक ने बताया कि साल 2021 में बीपीओ की नौकरी से निकाले जाने के बाद, उसने अपने रिश्तेदारों से 2 लाख रुपये उधार लेकर एक छोटा सा क्लाउड किचन शुरू किया था। शुरुआत में बिजनेस बहुत अच्छा चला और मांग बढ़ने लगी।
युवक ने आगे बताया कि यहीं पर उससे एक बड़ी चूक हो गई। उसने बिना सोचे-समझे आक्रामक तरीके से बिजनेस को बड़ा करने की रणनीति अपनाई। बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए उसने अतिरिक्त जगह खरीदी और बाद में एक बहुत बड़े लोकेशन पर शिफ्ट हो गया। इस विस्तार के लिए उसने बाजार से अंधाधुंध कर्ज लेना शुरू कर दिया और फिर इसके बाद जो प्रोजेक्ट महज 2 लाख रुपये से शुरू हुआ था, वह देखते ही देखते 1 करोड़ रुपये के भारी-भरकम कर्ज में बदल गया।
भारी ब्याज और मानसिक तनाव
युवक ने पोस्ट में लिखा कि रेस्टोरेंट से कमाई हो रही थी और ग्राहक भी आ रहे थे, लेकिन कर्ज का बोझ इतना बढ़ गया कि उसे संभालना नामुमकिन हो गया। जो भी कैश आता, वह ब्याज और लोन की किस्तें चुकाने में ही खत्म हो जाता था। इस तनाव के कारण मेरा वजन बहुत कम समय में 25 किलो गिर गया और मेरा परिवार बेहद चिंतित हो गया।
युवक ने बताया कि प्राइवेट लेनदारों का कर्ज बेहद जानलेवा था। कुछ लोग हर महीने 10 फीसदी (10% प्रति माह) का ब्याज वसूल रहे थे, तो कुछ ऐसे थे जो हर दिन मूलधन का 1 फीसदी (1% प्रतिदिन) वापस मांग रहे थे।
मां के परिवार ने की मदद, लेकिन रखी शर्त
हालात बिगड़ते देख युवक की मां के परिवार वाले मदद के लिए आगे आए और उन्होंने 30 लाख रुपये की आर्थिक मदद की, ताकि सबसे खतरनाक प्राइवेट लोन को चुकाया जा सके। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने एक सख्त शर्त रखी कि यह घाटे का बिजनेस तुरंत बंद करना होगा।


