कई दिनों की भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए गुरुवार शाम को हुई वर्षा राहत लेकर आई। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राजधानी दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलीं। कई जगह ओले भी पड़े।
आज दिल्ली-यूपी में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गरमी से राहत की भविष्यवाणी की है। अगले दो-तीन दिन अधिकतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्यियस तक कमी हो सकती है। आज दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 15 राज्यों में बारिश और आंधी का रेड अलर्ट जारी किया है।
31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में कई स्थानों पर तेज आंधी-तूफान आने के आसार हैं। उप्र के 43 जिलों में तेज आंधी का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के श्री गंगानगर में पारा 47.1 तक पहुंच गया
मौसम में यह बदलाव कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद आया है। गुरुवार को दिन में दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 तो उप्र के बांदा में 47.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजस्थान के श्री गंगानगर में पारा 47.1 तक पहुंच गया।
राज्य के छह जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियय से ऊपर रहा। हरियाणा में सिरसा और पंजाब में फरीदकोट का तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जगह दोपहर बाद ही मौसम बदलने लगा।
हरियाणा के चरखी दादरी में ओलावृष्टि
दिल्ली में काले बादलों व तेज हवाओं के साथ हुई हल्की वर्षा से थोड़ी राहत मिली। हरियाणा के चरखी दादरी में तेज वर्षा के साथ ओलावृष्टि हुई, जबकि रेवाड़ी के बावल, कुंड और खोल क्षेत्र में करीब पांच मिनट तक ओले गिरे।
नूंह में तेज आंधी से टपकान गांव में स्कूल की दीवार और चंदेनी गांव में घर गिरने से एक-एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में कहीं बारिश हुई तो कहीं ओले पड़े।
बदायूं में भी जमकर ओले गिरे
मुरादाबाद जिले में भी आंधी के कारण पेड़ों की टहनियां टूट गईं, कई स्थानों पर बिजली के खंभे भी गिर गए। बदायूं में भी जमकर ओले गिरे और बारिश हुई। उधर देर रात में लखनऊ और आसपास जिलों में भी तेज हवा के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई।
उत्तराखंड में ओलावृष्टि से खेती को नुकसान, जंगलों की आग बुझी
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों पिथौरागढ़, बागेश्वर व चंपावत में बारिश के ओलावृष्टि भी हुई। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। पिथौरागढ़ सहित आसपास के क्षेत्र तथा बागेश्वर की कत्यूर घाटी में 100 से 200 ग्राम वजनी ओले गिरने से वाहनों के शीशे, हेडलाइट व खिड़कियों के कांच भी टूट गए। साग-सब्जी के अलावा फलों को भी नुकसान पहुंचा।
राहत की बात यह रही कि जंगलों में लगी आग बुझ गई। हिमाचल प्रदेश के लिए पांच जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर में कुछ जगहों पर ओले, आंधी, बिजली कड़कने और तेज हवाओं के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है।
यात्री की तबीयत बिगड़ी, मेडिकल इमरजेंसी में विमान की लैंडिंग
दिल्ली में खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अलग-अलग जगहों से आ रही 11 उड़ानों को डायवर्ट कर जयपुर, लखनऊ व चंडीगढ़ भेजा गया।
बाद में मौसम ठीक होने के बाद इन विमानों को दिल्ली लाया गया। दिल्ली की कई विमानों को चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ डायवर्ट किया गया। बेंगलुरु से दिल्ली जा रहे एअर इंडिया के विमान में एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई।
लखनऊ वायुसीमा क्षेत्र में दो विमानों को होल्ड कराकर इस विमान की लैंडिंग कराई गई। मेडिकल टीम मौके पर पहुंची तो यात्री को एंजाइटी की समस्या मिली। यहां 11 यात्रियों ने अपनी यात्रा निरस्त कर दी।


