श्रावस्ती में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

 इकौना क्षेत्र के चुनहवा बनकटी गांव में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। मंगलवार की रात महिला कमरे में चारपाई पर बेहोश मिली। सीएचसी में चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया। मायके के लोगों ने ससुरालीजन पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया है।

इकौना क्षेत्र के मनोहरापुर निवासी सपना की शादी दो वर्ष पूर्व चुनहवा बनकटी के मुनीश के साथ हुई थी। मृतका का पति मंगलवार को ही मुंबई से मजदूरी करके वापस आया था। परिवारजन ने बताया कि देर रात भोजन के बाद महिला कमरे में सोने चली गई।

बाइक और एक लाख रुपये की हो रही थी मांग

कुछ देर बाद अचानक कमरे से चिल्लाने की आवाज आने पर दरवाजा खोलकर अंदर देखा गया तो महिला चारपाई पर बेहोश पड़ी थी। इलाज के लिए उसे निजी वाहन से इकौना सीएचसी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां खातूना बेगम ने बताया कि बेटी से दामाद बाइक व ससुर अय्यूब एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे।

मां ने इकौना थाने पर तहरीर देकर दामाद मुनीष, ससुर, देवर व देवरानी समेत चार लोगों के विरुद्ध दहेज के लिए बेटी को मार डालने का आरोप लगाया है। इकौना थाने के प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *