चीनी के तीखे तेवर हुए ढीले, दामों में आई गिरावट; देखें थोक और खुदरा बाजार के ताजा रेट

2.5kViews
1578 Shares

 श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले तक चीनी के दाम में तेजी से उछाल आया था, लेकिन अब गिरावट आ रही है। मंगलवार को चीनी का थोक दाम 54.50 रुपये प्रति किग्रा रहा, जबकि फुटकर में 58 से 60 रुपये बना हुआ है।

पैकिंग वाली चीनी अब भी 65 रुपये प्रति किग्रा बेची जा रही है। व्यापारियों का अनुमान है कि अगले दस दिन में दाम में और गिरावट तो आएगी, लेकिन एक माह पहले जैसा दाम वापस आने की संभावना अभी नजर नहीं आ रही है।

जुलाई माह में चीनी का फुटकर दाम 45 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था। इसके बाद जैसे ही अगस्त माह आया, तो चीनी ने नखरा दिखाना आरंभ कर दिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले तो चीनी फुटकर दाम 65 रुपये के पार पहुंच गया था। कुछ स्थानों पर 70 रुपये किग्रा तक चीनी बेची जा रही थी।

इसकी वजह से उपभोक्ताओं की टेंशन बढ़ गई थी। क्योंकि त्योहार पर घरों में मिष्ठान बनाने में चीनी का उपयोग खूब होता है। हालांकि सरकार की निगरानी के बाद इसमें सुधार हुआ और चीनी के दाम में गिरावट आई। चीनी का फुटकर दाम 60 रुपये से नीचे आने पर उपभोक्ताओं को हल्की राहत मिली है। उनका कहना है कि वापस जुलाई माह वाले दाम पर चीनी पहुंचनी चाहिए।

चीनी के दाम बढ़ने का बाजार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। चीनी समेत अन्य खाद्य सामग्री के दाम में वृद्धि के कारण परिवारों में रसोई का बजट गड़बड़ा जाता है। चीनी के दाम में और कमी होनी चाहिए।- सचिन, किशनपुरा बागपत रोड

10 दिन के अंदर चीनी के दाम में गिरावट आई, अभी और कमी होनी चाहिए। हर घर में सुबह की चाय से लेकर हलवा अथवा कोई भी मीठा व्यंजन बनाना हो, तो चीनी जरूरत होती है। उपभोक्ताओं का ध्यान रखते हुए चीनी का दाम जुलाई माह जैसा होना चाहिए।- संजीव कुमार, गृहम कालोनी

हमने आठ दिन पहले ही चीनी की बोरियां मंगाई थीं, तब थोक दाम 62 रुपये था। अब हमें फुटकर में 60 रुपये प्रति किग्रा बेचनी पड़ रही है। अगले दिनों में दाम में मामूली गिरावट आ सकती है, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं होगी।- अंकुश अग्रवाल, व्यापारी दाल मंडी

चीनी के दाम में अब बहुत ज्यादा गिरावट की संभावना नहीं है। वर्तमान में जो दाम चल रहा है, उसके आसपास ही बने रह सकते हैं।- गौरव पांडे, दुकानदार बुंदेला बाजार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *