फतेहपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ने से चार गांव पानी से घिरे, रास्तों में भरा पानी

1381 Shares

गंगा का जल स्तर बढ़ने से कटरी के गांव में फिर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। कटरी के चार गांव बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिर चुके हैं।

मंगलवार की शाम को गंगा का जल स्तर खतरे के निशान से तीन सेमी नीचे था, रात में गंगा ने खतरे के निशान को पार किया तो गांव के अंदर गलियों में पानी घुसने लगेगा। पिछले दिनों गंगा का जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा था, पर अबकी बार पानी बढ़ने की रफ्तार तेज है।

गंगा कटरी के गांव के बिंदकी फार्म, सदनहा, बेनीखेड़ा व बेरीनारी गांव के चारों ओर मंगलवार की शाम तक पानी भर गया। गांव से बाहर निकलने के लिए पानी पार करके आना जाना पड़ रहा है। इसके अलावा दरियापुर पुल से बिंदकी फार्म तक बनी सड़क में बिंदकी फार्म व सदनहा के बीच चार स्थानों से पानी सड़क को पार करके बहने लगा है। सड़क पर बहने वाले पानी की ऊंचाई तीन फीट करीब है।

पानी का बहाव तेज होने के कारण अब सड़क के कटने का खतरा भी है। बिंदकी फार्म गांव के योगेंद्र पाल ने बताया कि पिछले हफ्ते गंगा का जल स्तर धीरे-धीरे बढ़ता था, इस बार सोमवार व मंगलवार तेजी से जल स्तर बढ़ा है। इसी रफ्तार से पानी बढ़ेगा तो रात भर में गांव की गलियों में भर जाएगा।

गंगा में जल स्तर बढ़ने की रफ्तार कम नहीं हुई तो बुधवार की शाम या फिर गुरुवार की सुबह तक गांव छोड़ने की स्थिति बन जाएगी। उधर एडीएम विनय पांडेय ने बाढ़ क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। बाढ़ चौकी महुआ घाट भी गए।

मवेशियों को बांधने व चारे का संकट

सदनहा गांव के मनोज कुमार ने बताया कि गांव के चारों ओर पानी भर जाने के कारण अब फिर मवेशियों को बांधने के लिए सूखा स्थान नहीं बचा है। वर्षा न होने के कारण थोड़ी राहत है। वर्षा होने लगती तो समस्या और बढ़ जाती। चारे का भी संकट बढ़ता ही जा रहा है।

गंगा का जल बढ़ रहा है। इस पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। गांव के लोगों से भी बात की गई है।

निशांत एसडीएम बिंदकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *