जमुई स्टेशन यार्ड में मालगाड़ी के दो वैगन पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

 दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत जमुई रेलवे स्टेशन के यार्ड में बुधवार की अहले सुबह उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब एक मालगाड़ी के दो खाली वैगन अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद यार्ड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि वैगन खाली थे, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के स्थानीय अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम झाझा से राहत ट्रेन के साथ मौके पर पहुंची।

अधिकारियों की निगरानी में डिरेल हुए वैगनों को दोबारा पटरी पर लाने का कार्य शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वैगनों के पहियों को सफलतापूर्वक ट्रैक पर चढ़ा दिया गया।

रेलवे कर्मियों ने बताया कि हादसा यार्ड के अंदर हुआ था, इसलिए मुख्य रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं हुई और सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलती रहीं।

रेल प्रशासन ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में तकनीकी टीम डिरेलमेंट के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *