फाइलें लेकर ED दफ्तर पहुंचे पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, दो बार तारीख बढ़ने के बाद आज हुई पेशी

1295 Shares

मोहाली में जमीन के उपयोग में बदलाव की मंजूरियों और लेआउट बदलाव से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव और वरिष्ठ आइएएस अधिकारी अनुराग वर्मा बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर पहुंचे। उनके पास मामले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों की फाइल थी। केंद्रीय जांच एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी उनसे मामले को लेकर पूछताछ कर रहे हैं।

अनुराग वर्मा की पेशी की तारीख इससे पहले दो बार आगे बढ़ चुकी है। ED ने उन्हें सबसे पहले 31 अगस्त को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, वह उस दिन एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए थे। उन्होंने मामले से संबंधित जरूरी दस्तावेज एकत्र करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।

दस्तावेजों को साथ लेकर पहुंचे पूर्व मुख्य सचिव

इसके बाद जांच एजेंसी ने उन्हें सात सितंबर को पेश होने के निर्देश दिए थे। बाद में ईमेल के माध्यम से उनकी पेशी की तारीख आगे बढ़ाकर 9 सितंबर कर दी गई। उन्हें बुधवार सुबह 10 बजे एजेंसी के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया था।

इसी के तहत अनुराग वर्मा बुधवार सुबह मांगे गए दस्तावेजों और रिकॉर्ड की फाइल लेकर प्रवर्तन निदेशालय के दफ्तर पहुंचे। इसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने उनसे पूछताछ शुरू की।

मोहाली भूमि फर्जीवाड़े में पूछताछ

जांच का मुख्य केंद्र मोहाली में जमीन के उपयोग में बदलाव की मंजूरियों और लेआउट में किए गए बदलाव से संबंधित कथित अनियमितताएं हैं। एजेंसी इस मामले में दस्तावेजों और संबंधित निर्णयों की पड़ताल कर रही है।

अनुराग वर्मा पंजाब के मुख्य सचिव रह चुके हैं। अब जांच एजेंसी की ओर से उनसे मामले से जुड़े दस्तावेजों और निर्णय प्रक्रिया को लेकर जानकारी ली जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *