प्रसिद्ध बाबा गरीबनाथ मंदिर को भव्य धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कॉरिडोर परियोजना ने गति पकड़ ली है।
शनिवार को पर्यटन विभाग की टीम ने नगर आयुक्त के साथ मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कर प्रस्तावित विकास कार्यों का जायजा लिया।
काशी विश्वनाथ की तर्ज पर होगा विकास
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, आसपास की सड़कों और प्रस्तावित कॉरिडोर क्षेत्र का अवलोकन किया। बताया गया कि बाबा गरीबनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। परियोजना के तहत मंदिर परिसर का व्यापक सुंदरीकरण किया जाएगा।
साहू पोखर से जुड़ेगा मंदिर
प्रस्तावित योजना के अनुसार बाबा गरीबनाथ मंदिर को साहू पोखर से जोड़ते हुए एक भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा। वहीं, छाता बाजार से माखन साह चौक तक विभिन्न आधारभूत विकास कार्य भी किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीर्थयात्री भवन, आधुनिक शौचालय, स्वच्छ पेयजल, छायादार विश्राम स्थल समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
पोखर और घाट का सौंदर्यीकरण
परियोजना के तहत शिवालय मंदिर परिसर स्थित पोखर और घाट का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही वहां भगवान नारायण और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव है। इससे धार्मिक और पर्यटन दोनों दृष्टि से क्षेत्र का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है।
तैयार होगी विस्तृत रिपोर्ट
स्थल निरीक्षण के बाद पर्यटन विभाग की टीम वापस लौट गई। अब निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके बाद परियोजना की अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

