शहर को साफ रखने वाले सफाई कर्मी शनिवार को हाथों में झाड़ू लेकर सड़क पर उतर आए। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने झाड़ू मार्च निकाला और नेशनल हाईवे से होते हुए मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने मंत्री के सामने अपना दर्द रखा और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करवाकर 13 मई के समझौते को लागू कराने की मांग की। जुलूस के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ देर यातायात भी प्रभावित रहा।
12 मांगें, मुख्य मांगें नहीं
इस पर विज ने कहा कि कर्मचारियों की सभी मांगें पूरी हो चुकी हैं। कर्मचारी नेताओं ने जवाब दिया कि जिन 12 मांगों के पूरा होने की बात कही जा रही है, वे उनकी मुख्य मांगें ही नहीं हैं।सफाई कर्मियों, सीवरमैन और फायर कर्मचारियों को पक्का करने की मांग अभी भी लंबित है। कर्मचारियों ने कहा कि कई विभागों के कर्मचारियों को सरकार पक्का कर रही है, लेकिन सफाई कर्मियों के मामले में ऐसा क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने मंत्री से मुख्यमंत्री से बात कर उनकी मांगों पर हस्तक्षेप करवाने की गुहार लगाई।
मुझसे तो तुम कभी भी मिल सकते हो: विज
विज ने कर्मचारियों से कहा कि वह सरकार से इस मामले में बात करेंगे। उन्होंने कर्मियों से कहा कि उनकी पूरी शक्तियां उनके साथ हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वे मंत्री के पास अपनी फरियाद लेकर आए हैं।
इस पर विज ने कहा, मेरी शक्ति पूरी तुम्हारे साथ है। कर्मचारियों ने कहा कि वह आज सभी मंत्रियों से बातचीत कर रहे हैं। इस पर विज ने कहा कि मुझे तो तुम कभी भी मिल सकते हो। मंत्री ने कहा कि मैं आज भी तुम्हारे लिए ही रुका हूं वरना 12 बजे ताक सीएम की बैठक थी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

