लुधियाना में रेलवे का बड़ा अभियान, तीन घंटे में 993 बिना टिकट यात्री पकड़े; लाखों रुपये का जुर्माना वसूला

6.0kViews
1755 Shares

 लुधियाना के रेल प्रशासन ने रविवार को रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक अभियान चलाया। इस दौरान टिकट जांच स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान कुल 993 बिना टिकट यात्रियों को पकड़ा। साथ ही उन पर जुर्माना लगाया। जिनसे लगभग 4 लाख् 64 हजार का रेल राजस्व वसूला गया।

रेलवे द्वारा चलाया जाने वाला फोर्ट्रेस चेक एक विशेष सघन जांच अभियान है। जिसके तहत किसी स्टेशन, ट्रेन अथवा रेलखंड में बिना पूर्व सूचना व्यापक टिकट जांच की जाती है। इस दौरान यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र तथा रेलवे नियमों के अनुपालन की गहन जांच की जाती है।

तत्काल लगाया गया जुर्माना

अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना तथा रेलवे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इससे पहले टीम प्लेटफार्म पर पहुंची और यात्रियों को रोक रोक कर टिकट मांगा।
टिकट न होने पर तत्काल उनको जुर्माना लगाया गया। मौके पर जुर्माना वसूला गया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने सिफारिश कर जुर्माने से बचने की कोशिश की। लेकिन रेल चेकिंग स्टाफ ने किसी की नहीं सुनी और जुर्माना लगाया। चेकिंग से कई लोगों में अफरा तफरी मची रही।

रेलवे नियमों की पालना शुरू

करीब तीन घंटे से अधिक समय तक चले जांच अभियान में 993 लोग बिना टिकट काबू किए गए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की है कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *