PAC मुरादाबाद में मोबाइल पर टोकाटाकी बनी बवाल: हेड कॉन्स्टेबल और सिपाही में मारपीट, बंदूक तानी

3.7kViews
1073 Shares

24वीं वाहिनी पीएसी में शनिवार दोपहर मोबाइल के इस्तेमाल को लेकर हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद पीएसी परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर दोनों कर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल अमित राठी की गेट पर पहरा ड्यूटी लगी हुई थी। आरोप है कि ड्यूटी के दौरान वह मोबाइल फोन लेकर पोस्ट छोड़कर दूसरे स्थान पर बैठ गए थे। इसी दौरान हेड कॉन्स्टेबल शिवराज ने उन्हें ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने और मोबाइल इस्तेमाल करने पर टोका। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई।

अमित राठी

गेट ड्यूटी के दौरान मोबाइल इस्तेमाल और पहरे की ड्यूटी के दौरान बैठने को लेकर हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। हेड कॉन्स्टेबल शिवराज का आरोप है कि कॉन्स्टेबल अमित राठी ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वहीं विवाद के दौरान लाइसेंसी रायफल तानने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि इस संबंध में अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।

दोनों पक्षों का कराया गया मेडिकल परीक्षण

घटना करीब दोपहर 12:45 बजे की बताई जा रही है। मारपीट में दोनों कर्मियों को चोटें आई हैं। मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचने के बाद दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तलब की गई है।

पीएसी अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अनुशासनहीनता और ड्यूटी के दौरान हुए विवाद को गंभीरता से लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *