भारत में सुबह के नाश्ते की बात हो और पोहे का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। वैसे तो पोहा पूरे देश में अलग-अलग तरीकों से बनाया और चाव से खाया जाता है, लेकिन नागपुर के तरी पोहे की बात ही कुछ और है।
इस साल 7 जून को वर्ल्ड पोहा डे के मौके पर नागपुर में एक शानदार जश्न का आयोजन हुआ। नागपुरवासियों ने अपने इस पसंदीदा संडे ब्रेकफास्ट को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया।
3,000 किलो तरी पोहे के साथ जश्न
इस खास मौके पर नागपुर में एक फूड फेस्टिवल जैसा आयोजन किया गया, जहां 3,000 किलोग्राम तरी पोहा तैयार किया गया। सुबह से ही शहर के कोने-कोने से फूडीज इस दावत का लुत्फ उठाने के लिए जुटने लगे। खास बात यह थी कि वर्ल्ड पोहा डे पर लोगों को मुफ्त तरी पोहा परोसा गया।
कैसे अलग है नागपुर का मशहूर तरी पोहा?
आमतौर पर देश के बाकी हिस्सों में पोहा सूखा या हल्की भुजिया और प्याज के साथ परोसा जाता है, लेकिन नागपुर का तरी पोहा बिल्कुल अलग है। यहां उबले हुए पोहे के ऊपर तरी डाली जाती है। यह तरी काले चने से बनी एक बेहद तीखी, मसालेदार और पतली ग्रेवी होती है। इसके ऊपर बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, हरा धनिया और ढेर सारा नमकीन डालकर परोसा जाता है।
वर्ल्ड पोहा डे के खास मौके पर अगर आप भी नागपुर के इस आइकॉनिक स्वाद को अपने घर पर चखना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।
तरी पोहा रेसिपी
सामग्री-
पोहे के लिए:
- 2 कप मोटा पोहा
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 छोटा चम्मच राई
- आधा चम्मच हल्दी
- 2 हरी मिर्च, कढ़ी पत्ता
- मूंगफली के दाने
- स्वादानुसार नमक
- नींबू का रस
तरी के लिए
- 1 कप काले चने (रातभर भीगे और उबले हुए)
- 2 बड़े प्याज
- 2 टमाटर
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 1 चम्मच गरम मसाला
- आधा चम्मच हल्दी
- तेजपत्ता
- लौंग
- तेल
तरी बनाने की विधि
- सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा ज्यादा तेल गर्म करें। इसमें तेजपत्ता और लौंग डालें। फिर प्याज का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें।
- अब टमाटर की प्यूरी डालें। साथ ही लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और नमक डालकर तब तक पकाएं जब तक मसाला तेल न छोड़ दे।
- अब भुने मसाले में उबले हुए काले चने डालें। अब इसमें चने का उबला हुआ पानी और ऊपर से थोड़ा और पानी मिलाकर पतली ग्रेवी तैयार करें। इसे धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक उबलने दें, ताकि तेल की एक गाढ़ी, लाल परत ऊपर तैरने लगे।
पोहा बनाने की विधि
- सबसे पहले पोहे को धोकर पानी छान लें और 10 मिनट के लिए अलग रख दें।
- अब कड़ाही में तेल गर्म करके मूंगफली तलकर निकाल लें। उसी तेल में राई, कढ़ी पत्ता, हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें।
- इसके बाद हल्दी और नमक डालें, फिर भीगा हुआ पोहा डालकर अच्छी तरह मिला लें। 5 मिनट के लिए पकने दें। फिर ऊपर से नींबू का रस और तली हुई मूंगफली मिलाएं।
सर्व करने का नागपुरी अंदाज
एक प्लेट में गरमा-गरम पोहा निकालें। अब तरी को पोहे के ऊपर चारों तरफ फैलाते हुए डालें। इसके ऊपर बारीक कटा कच्चा प्याज, टमाटर, हरा धनिया और सेव छिड़कें।


