महराजगंज में करैत सांप के डसने से बेटे की मौत, मां की हालत गंभीर

4.3kViews
1660 Shares

रात में सो रहे मां-बेटे को करैत सर्प ने बेड पर चढ़कर डसा लिया। रात दो बजे हुई घटना के बाद अफरा-तफरा मच गई। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने घर की तलाशी के दौरान हेलमेट के गत्ते में छिपे सर्प को पकड़ लिया।

चौक थाना क्षेत्र के मधुबनी पोखरा टोला निवासी कृष्णमुरारी यादव की पत्नी सुगंधा और बेटा अर्पित यादव एक कमरे सोए थे। जबकि कृष्णमुरारी यादव और बड़ा बेटा आयुष दूसरे कमरे सोए थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात करीब दो बजे करैत सांप बेड पर चढ़ गया। इसी दौरान सांप ने अर्पित यादव के दाहिने हाथ में डस लिया।

अर्पित कक्षा तीन का छात्र था। सर्पदंश के बाद स्वजन को तत्काल उसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ और वे संशय में रहे। कुछ देर बाद उसी सांप ने अर्पित की मां सुगंधा के चेहरे पर गाल के पास डस लिया। सांप को देखकर सुगंधा ने शोर मचाया। इसके बाद घर में करैत सांप होने की जानकारी होते ही स्वजन में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह दोनों की तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें लेकर जिला संयुक्त चिकित्सालय महराजगंज पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने अर्पित को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुगंधा को गंभीर हालत में भर्ती कर लिया गया।

उनका उपचार चल रहा है। अर्पित की मृत्यु से स्वजन में मातम पसरा है। बड़े बेटे आयुष यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद स्वजन और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

वन्यजीव रक्षक रामबचन साहनी ने बताया कि घर में तलाशी के दौरान करैत सांप हेलमेट के गत्ते में घुसकर बैठा मिला। टीम ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *