मालदा मंडल के रेल यात्रियों को राहत! हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस का पटना तक नहीं होगा विस्तार, पूर्व रेलवे ने लगा दी रोक

1416 Shares

Howrah Jamalpur Express Extension: अंग-बंग को जोड़ने वाली लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकप्रिय ट्रेन संख्या 13071/13072 हावड़ा-जमालपुर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस को पटना तक विस्तारित नहीं किए जाने को लेकर दैनिक जागरण द्वारा चलाई गई जनहितकारी मुहिम को रेलवे की उच्चस्तरीय समीक्षा से बड़ा बल मिला है। पूर्व रेलवे प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर स्पष्ट कर दिया है कि हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस का पटना तक विस्तार वर्तमान परिस्थितियों और तकनीकी समीक्षा के आधार पर संभव नहीं है।

रेलवे के इस निर्णय से भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, बरियारपुर सहित मालदा रेल मंडल क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों, मरीजों और कोलकाता से सीधा व्यापार करने वाले कारोबारियों ने राहत की सांस ली है।

उल्लेखनीय है कि इस ट्रेन को जमालपुर से आगे मोकामा के रास्ते पटना तक विस्तारित करने का प्रस्ताव विचाराधीन था। दैनिक जागरण ने लगातार जनसरोकार की इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए यह रेखांकित किया था कि यदि इस रैक को पटना तक खींच दिया गया, तो मालदा मंडल के हिस्से का बर्थ व सीट कोटा भारी रूप से कम हो जाएगा।यह ट्रेन वर्तमान में जमालपुर तक चलती है और भागलपुर व मुंगेर जिले के लोगों के लिए कोलकाता महानगर जाने-आने का सबसे मुफीद व भरोसेमंद साधन है। विशेषकर स्थानीय कपड़ा, दवा व मशीनरी व्यवसायियों के लिए यह ट्रेन व्यापारिक रीढ़ है। पटना तक चले जाने से अंतिम स्टेशन तक के यात्रियों का दबाव बढ़ने से स्थानीय यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट मिलना लगभग असंभव हो जाता।

  • ट्रेन संख्या 13071/13072 हावड़ा-जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस का पटना तक विस्तार फिलहाल परिचालनिक रूप से संभव नहीं: पूर्व रेलवे

  • दैनिक जागरण ने प्रमुखता से उठाया था मालदा मंडल के यात्रियों और व्यापारियों के आरक्षण कोटा व सीट कटौती का मुद्दा

  • पूर्व रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक (CPTM) ने दो सितंबर को जारी आधिकारिक पत्र में परिचालन संबंधी बाधाओं का दिया हवाला

  • भागलपुर, सुल्तानगंज और जमालपुर के नियमित यात्रियों व कोलकाता के कपड़ा-दवा व्यापारियों को मिली बड़ी राहत

CPTM ने दो सितंबर को जारी किया पत्र, परिचालन बाधाओं का हवाला

पूर्व रेलवे के मुख्य यात्री परिवहन प्रबंधक (सीओपीएस/सीपीटीएम) कार्यालय की ओर से दो सितंबर को जारी आधिकारिक पत्राचार में स्थिति पूरी तरह साफ कर दी गई है। पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) क्षेत्र में लाइन क्षमता, प्लेटफॉर्म उपलब्धता और विभिन्न गंभीर परिचालनिक अड़चनों (ऑपरेशनल कंस्ट्रेंट्स) के कारण ट्रेन संख्या 13071/13072 का पटना तक विस्तार व्यावहारिक नहीं है।

सीपीआरओ ने की पुष्टि, नियमित यात्रियों में खुशी

मामले की पुष्टि करते हुए पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी (सीपीआरओ) शिवराम माझी ने बताया कि पटना तक विस्तार के प्रस्ताव की गहन परिचालनिक समीक्षा की गई थी। समीक्षा के उपरांत पाया गया कि वर्तमान तकनीकी व टाइम-टेबल ढांचे में इसका पटना तक विस्तार संभव नहीं है।

रेलवे द्वारा विस्तार प्रस्ताव निरस्त किए जाने की सूचना मिलते ही ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, दैनिक रेल यात्री संघ और क्षेत्रीय सामाजिक संगठनों ने दैनिक जागरण की धारदार पत्रकारिता का आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *