रांची में एसीबी ने रिश्वत कांड में बुढ़मू के सीओ, राजस्व उप निरीक्षक सहित तीन को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने म्यूटेशन के बदले रिश्वत मांगने व लेने के आरोप में रांची जिले के बुढ़मू अंचल के अंचलाधिकारी (सीओ) सच्चिदानंद कुमार वर्मा, राजस्व उप निरीक्षक सह भू-राजस्व कर्मचारी राजेश किशोर रवि व राजेश किशोर रवि के भाई गौतम किशोर रवि को गिरफ्तार कर शुक्रवार को एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया।
न्यायालय के आदेश पर तीनों को रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में भेजा दिया गया है। एसीबी ने तीनों को जेल भेजने के बाद इससे संबंधित अधिकृत बयान भी जारी किया है। तीनों पर दाखिल खारिज के बदले रिश्वत मांगने व वसूलने का आरोप है। रिश्वत की राशि राजस्व उप निरीक्षक राजेश किशोर रवि के भाई गौतम किशोर रवि ने वसूला था।
इस कांड के शिकायतकर्ता रांची जिले के मांडर थाना क्षेत्र के ब्रांबे निवासी सुबोध कुमार हैं। उन्होंने एसीबी में लिखित शिकायत की थी कि बुढ़मू प्रखंड के साड़म मौजा में खतियानी रैयत रसीद अंसारी की जमीन की है। उक्त जमीन का खाता नंबर 100, प्लाट नंबर 1359 है और कुल जमीन तीन एकड़ 20 डिसमिल है।
उक्त जमीन में शिकायतकर्ता सुबोध कुमार ने अपनी पत्नी पिंकी देवी व साली जया कुमारी व संगीता गुप्ता के नाम पर रजिस्ट्री कराया था। जमीन की रजिस्ट्री के बाद म्यूटेशन के लिए उन्होंने बुढ़मू अंचल में आवेदन व डीड की छायाप्रति जमा की थी। म्यूटेशन कार्य अभी लंबित है।
बुढ़मू अंचलाधिकारी ने राजस्व कर्मचारी से मिलने को कहा
शिकायतकर्ता सुबोध कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका म्यूटेशन लंबित रहने के कारण वे बुढ़मू के अंचलाधिकारी से मिलने पहुंचे। अंचलाधिकारी ने कहा कि वे भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार से मिलकर बात कर लें। जब वे भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार से मिलने पहुंचे तो उन्होंने शिकायतकर्ता को म्यूटेशन की प्रक्रिया समझाई।
राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार ने उनसे कहा कि करीब 80 से 90 हजार रुपये देने पड़ेंगे। कुछ कम भी देंगे तो काम हो जाएगा। इसके बाद शिकायतकर्ता फिर अंचलाधिकारी के पास पहुंचे तो अंचलाधिकारी ने उन्हें फिर वही बात कही कि पहले भू-राजस्व कर्मचारी से मिलकर बात कर लें, उसके बाद वे ही उनका काम करेंगे।
कार्यालय में भू-राजस्व कर्मचारी राजेश कुमार व उनके भाई गौतम किशोर रवि मौजूद थे। जब सुबोध ने भू-राजस्व कर्मचारी से फिर बात की तो उन्होंने अपने भाई गौतम कुमार से बात करने को कहा। गौतम किशोर रवि ने शिकायतकर्ता से कहा कि कम से कम दस हजार रुपये अभी लाकर दें। पहली बार म्यूटेशन के लिए डाला गया लेकिन कैंसिल हो गया है, दूसरी बार वे म्यूटेशन के लिए डालेंगे।
शिकायतकर्ता पहुंचा एसीबी, फिर हुई गिरफ्तारी
रिश्वत मांगे जाने की सूचना को लिखित रूप में शिकायतकर्ता सुबोध कुमार ने एसीबी से की। एसीबी ने सत्यापन में दस हजार रुपये मांगने की बात को सत्य पाया। आरोपों को भी सत्य पाया। सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी थाना रांची में सात जुलाई 2026 को कांड संख्या 13/2026 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई।
एसीबी ने पहले गौतम किशोर रवि को दस हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। सत्यापन के क्रम में बुढ़मू अंचल के राजस्व उप निरीक्षक सह भू-राजस्व कर्मचारी राजेश किशोर रवि व बुढ़मू अंचल के अंचलाधिकारी सचिदानंद वर्मा को गिरफ्तार किया। इस प्रकार तीनों आरोपितों को एसीबी ने जेल भेज दिया है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

