सिर्फ 3600 रुपये के लिए राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की हत्या, आरोपित ने ईंट से सिर पर वार कर नाले में दिया धक्का

 सिर्फ 3600 रुपये की उधारी न चुकाने पर फास्ट फूड स्टाल संचालक ने राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी और रोहटा रोड स्थित नाले में फेंक दिया। इसके बाद चंडीगढ़ भाग गया। डेढ़ माह बाद पुलिस ने चंडीगढ़ से आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर रविवार को नाले से अनुष्का का सड़ा-गला शव बरामद कर लिया। स्वजन पूरी तरह पहचान की पुष्टि नहीं कर रहे, इस कारण पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी।

दौराला के चिरौड़ी गांव निवासी नेमपाल की बेटी अनुष्का पाल राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी थी। 17 वर्षीय अनुष्का ने इसी वर्ष कृष्णा पब्लिक स्कूल से 12वीं पास की थी। गांव से स्कूल और अभ्यासस्थल तक आने-जाने में दिक्कत के चलते नौ माह से शोभापुर बाईपास पर किराए के मकान में रह रही थीं। आठ मार्च को अनुष्का ने फोन पर स्वजन को बताया कि वह गाजियाबाद में कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही है। जीतने पर 60 हजार पुरस्कार में मिले।

अनुष्का ने स्वजन को बताया कि उसकी सहेली की मां बीमार हैं, इसलिए यह राशि उन्हें दे दी। 16 अप्रैल को अनुष्का का मोबाइल बंद हो गया। 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। स्वजन ने एडीजी भानु भास्कर से शिकायत की।

एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और सीडीआर से अनुष्का की अंतिम लोकेशन श्याम धनक के साथ मिली, जो देहरादून का निवासी है और चंडीगढ़ में रह रहा था। पुलिस ने रविवार को चंडीगढ़ से श्याम धनक को गिरफ्तार किया और पूछताछ की। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि अनुष्का घर के पास श्याम धनक के ठेले से फास्ट फूड खाती थी। 15 अप्रैल को श्याम ने उससे बकाया 3600 रुपये मांगे।

इस पर दोनों में कहासुनी हुई। अनुष्का ने पुलिस में शिकायत की धमकी दी तो फास्ट फूड दे दिया। रात 10 बजे उसे बुलाकर जबरन बीयर पिलाई और सिर पर ईंट से वार कर नाले में धक्का दे दिया। उसी रात ठेला बंद कर चंडीगढ़ चला गया।

प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी थी अनुष्का

अनुष्का पाल कंकरखेड़ा स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल की छात्रा थी। पिछले चार वर्षों से कबड्डी कोच आशीष सिरोही के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी। अपनी प्रतिभा के दम पर अनुष्का प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी थी। पिछले डेढ़ माह से अनुष्का का परिवार उसकी तलाश को लेकर एसएसपी से लेकर एडीजी तक चक्कर काट चुका था।
डेढ़ माह पहले नाले में फेंके गया शव भी पूरी तरह कंकाल में बदल चुका है। पु़लिस ने शव को नाले से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर देर रात चिरौड़ी गांव के लोग बड़ी संख्या में कंकरखेड़ा थाने पर पहुंच गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *