जिला परिषद मंडी में 25 से 29 हुई भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या, जयराम की मौजूदगी में हुआ खेला; अब क्या है समीकरण

 जिला परिषद मंडी में भाजपा ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक बिसात पर विपक्ष को चारों खाने चित कर दिया है। जिला परिषद में भाजपा का कुनबा और मजबूत हो गया है। पार्टी से किन्हीं कारणों से छिटके चार असंतुष्ट सदस्यों ने फिर से कमल का दामन थाम लिया है। इन चारों सदस्यों ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में निष्ठा और विश्वास जताया है।

इस नए राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब 36 सदस्यीय जिला परिषद में भाजपा समर्थित सदस्यों का आंकड़ा 25 से बढ़कर 29 पहुंच गया है, जिससे भाजपा का दुर्ग और भी अभेद्य हो गया है।

नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व पर जताया भरोसा

भाजपा के कुनबे को मजबूती देने वाले इन सदस्यों में लांगणा वार्ड से जिला परिषद सदस्य राखी, भाबंला से अभिलाषा ठाकुर, डलाह से चंपा और गोड़ागागल से अनिल कुमार उर्फ डिंपल सैनी शामिल हैं। इन चारों ने भाजपा की रीति-नीति और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व को सर्वोपरि मानते हुए साथ चलने का फैसला किया।

तीन सदस्य थे भाजपा टिकट के दावेदार

तीन सदस्य अभिलाषा ठाकुर, चंपा और अनिल कुमार जिला परिषद चुनाव के समय से ही भाजपा टिकट के प्रबल दावेदार थे, लेकिन किन्हीं वजहों से बात नहीं बन पाई थी। पार्टी ने पहले चंपा को पहले टिकट दिया था, बाद में टिकट काट दिया था।

भाजपा से जुड़ी रही है पारिवारिक पृष्ठभूमि

वहीं, लांगणा वार्ड की सदस्य राखी ने हालांकि भाजपा टिकट के लिए औपचारिक आवेदन नहीं किया था और निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि पूरी तरह भाजपा से जुड़ी रही है। ऐसे में उनकी यह घर वापसी स्वाभाविक मानी जा रही है।

अन्य की क्या है स्थिति

चारों असंतुष्टों के साथ आने से जिला परिषद मंडी के भीतर विपक्षी खेमे की रीढ़ पूरी तरह टूट चुकी है। कांग्रेस समर्थित चार, निर्दलीय एक और माकपा के दो सदस्य निर्वाचित हुए हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *