ओडिशा में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से पीईटी शिक्षक की मौत, 3 छात्र गंभीर

2.2kViews
1827 Shares
 स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के दौरान ओडिशा के बालेश्वर जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है।
सिमुलिया स्थित एक विद्यालय में ध्वजारोहण की तैयारी करते समय हाईवोल्टेज करंट लगने से खेल शिक्षक की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद से पूरे स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और उत्सव का माहौल मातम में बदल गया। मृतक की पहचान जलेश्वर क्षेत्र के निवासी प्रियब्रत बेहरा के रूप में हुई है, जो स्कूल में शारीरिक शिक्षा शिक्षक (PET) के पद पर तैनात थे।

ऊपर से गुजर रही बिजली की तार की चपेट में आया पाइप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं।

इसी दौरान खेल शिक्षक प्रियब्रत बेहरा ध्वजारोहण के लिए लोहे का पाइप (ध्वजदंड) लेकर मैदान की ओर जा रहे थे।

इलाज के दौरान शिक्षक ने तोड़ा दम, छात्र अस्पताल में भर्ती

अचानक पाइप ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली की तार के संपर्क में आ गया, जिससे पाइप में तेज करंट फैल गया। हादसे के समय शिक्षक की मदद कर रहे तीन विद्यार्थी भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आनन-फानन में सभी को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। शिक्षक प्रियब्रत बेहरा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भद्रक अस्पताल रेफर किया गया।
 
जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीनों घायल छात्रों का इलाज जारी है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। राष्ट्रीय पर्व के दिन हुए इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *