हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह गम्हरिया गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे।
दो बच्चों समेत आठ लोग सवार होकर जा रहे थे
प्रत्यक्षदर्शियों एवं घायलों के अनुसार एक ऑटो में दो बच्चों समेत आठ लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गम्हरिया गांव के समीप एक बोरवेल ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव का पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे में समसुन बीबी (65), पीर मोहम्मद (35), समीरा खातून (30), लालदेव (36), सरिता देवी (54) समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया। इनमें समसुन बीबी और पीर मोहम्मद की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी की लापरवाही
वहीं अभिषेक कुमार (10) सहित दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने हादसे के लिए सड़क किनारे पाइपलाइन बिछाने वाली कंपनी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
उनका आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क के किनारे मिट्टी को ऊंचा छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क संकरी और असुरक्षित हो गई है। इसी कारण वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया
ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 दिन पहले स्थानीय मीडिया में इस समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। उस समय भी आशंका जताई गई थी कि पाइपलाइन कंपनी की लापरवाही के कारण जपला-छतरपुर मार्ग पर कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया गया।
सोमवार को हुई दुर्घटना के बाद लोगों में प्रशासन और कंपनी के प्रति नाराजगी देखी गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार और थाना प्रभारी चंदन कुमार जाम स्थल पर पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने में जुटे रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में कराया जा रहा है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन सड़क जाम हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास कर रहा है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण दोषी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं।


