मोहनपुर प्रखंड की केवला पंचायत आज एक नई पहचान गढ़ रही है। जिस क्षेत्र का नाम कभी नक्सली गतिविधियों और भय के माहौल के कारण लिया जाता था, वहीं आज उसी धरती के बेटे देश सेवा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
केवला पंचायत के सत्यम कुमार, संदीप कुमार, राजेश पासवान और राहुल कुमार ने बिहार पुलिस में चयनित होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है।
श्रवण और नवीन का भारतीय सेना में चयन
वहीं, घुघरी गांव के श्रवण कुमार तथा केवला पंचायत के नवीन कुमार का चयन भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में हुआ है। इस प्रकार पंचायत के कुल छह युवाओं ने सरकारी सेवा और सेना में जगह बनाकर पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
इनमें कई युवा बेहद साधारण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। कठिन परिस्थितियों, अभावों और संघर्षों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया। उनकी मेहनत और लगन आज सफलता की मिसाल बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले जहां युवाओं के सामने सीमित अवसर और भय का माहौल था, वहीं अब शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और देश सेवा के प्रति बढ़ती रुचि क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।
लोगों ने जताई खुशी
इन छह युवाओं की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे केवला पंचायत के बदलते स्वरूप और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है।
इस उपलब्धि पर मुखिया अरविंद सिंह यादव, सरपंच शिवप्रसाद यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


