फतेहाबाद में फेसबुक आईडी हैक कर 4.55 लाख से अधिक की ठगी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने फेसबुक आईडी हैक कर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान उत्तराखंड के जिला बाजपुर स्थित मुंडिया पिस्तौर निवासी गुलवेस अंसारी के रूप में हुई है।

पुलिस उससे पूछताछ कर साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि गांव दमकौरा निवासी भगत सिंह ने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके गांव का एक परिचित कई वर्षों से अमेरिका में रह रहा है।

14 जुलाई 2025 को उसके परिचित की फेसबुक आईडी से अचानक पैसों की जरूरत होने का संदेश आया। इसके बाद वॉट्सऐप कॉल और विभिन्न बैंक खातों व क्यूआर कोड के माध्यम से उससे अलग-अलग किश्तों में कुल 4 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।

परिचित से बात करने पर सामने आया सच

कुछ समय बाद शिकायतकर्ता ने अपने परिचित से सीधे संपर्क किया तो पता चला कि उसकी फेसबुक आईडी हैक हो चुकी थी और उसने किसी से भी रुपये नहीं मांगे थे। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ और मामले की शिकायत साइबर पोर्टल पर की गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों और साइबर विश्लेषण के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपित गुलवेस अंसारी की पहचान कर उसे काबू कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *