तुम तो लड़की हो, शादी होने पर कौन देगा पैसा!… 70 में से 61 आवेदन निरस्त, केवल एक को मिला लोन

 सीएम युवा उद्यमी योजना को बैंक ही धड़ाम कर रहे हैं। मवीकलां की वर्षा का लोन मंजूर हो गया, लेकिन आठ माह चक्कर कटवाने के बाद बैंक से जवाब मिला कि जाओ पहले दुकान खोलकर कमाओ, फिर 60 हजार का लोन देने की सोचेंगे। दूसरे मामले में “तुम लड़की हो…भविष्य में शादी होने पर कौन चुकाएगा तुम्हारा लोन” कहकर आवेदन निरस्त कर दिया।

ये तो महज बानगीभर है, वरना बैंकों ने सीएम युवा उद्यमी योजना के 600 में से 268 आवेदन निरस्त कर युवाओं के सपनों पर पानी फेर दिया है। एक बैंक में 70 में से 61 आवेदन निरस्त करने का गजब कीर्तिमान देख जिला प्रशासन के अधिकारी भी हैरान हैं। शासन ने युवाओं की स्वरोजगार की राह आसान करने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना चला रखी है। योजना से सर्विस, मैन्युफैक्चरिंग तथा ट्रेडिंग सेक्टर में स्वरोजगार के लिए 21 से 40 वर्ष तक के कक्षा आठ उत्तीर्ण युवाओं को चार साल की अवधि के लिए बिना ब्याज लोन दिया जाता है। 1300 युवाओं को योजना से लाभान्वित कराने का लक्ष्य है।

जिला उद्योग प्रोत्साहन केंद्र बागपत ने अप्रैल तथा मई में 620 आवेदन में से 600 स्वीकृत कराकर बैंकों को लोन देने के लिए भेजा। इनमें से बैंकों ने 268 आवेदन निरस्त कर 119 स्वीकृत किए तथा 46 को लोन का वितरण किया। बाकी 267 आवेदन बैंकों में धूल फांक रहे हैं।

पहले दुकान खोलो… फिर लोन की सोचेंगे
मवीकलां गांव की वर्षा ने सीडीओ तथा सहायक आयुक्त से शिकायत की है कि उन्होंने सीएम युवा उद्यमी योजना से लोन लेने के लिए बैंक में आवेदन किया था। आठ माह चक्कर लगवाने के बाद बैंक से जवाब मिला कि जाओ पहले दुकान खोलकर चलाओ, फिर पांच लाख तो नहीं 60 हजार रुपये लोन मिलेगा। ग्राम मीतली की स्वीटी ने शिकायत में कहा कि वह एमकाम हैं। सीएम युवा उद्यमी योजना से पांच लाख का लोन लेने के लिए 10 दिन पहले आवेदन किया।

वह बैंक गईं तो प्रबंधक ने कहा कि किस्त कौन चुकाएगा तथा ट्रैक्टर-ट्राली कौन चलाएगा। चलो देखते हैं पहले ओरिजनल कुटेशन लाकर जमा कराओ। लोन न देने का बहाना है। वाल्मीकि मंदिर क्षेत्र निवासी संगीता ने लोन नहीं मिलने की शिकायत की है। छपरौली की सोनिया ने शिकायत की कि वह लोन लेकर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट संचालित करना चाहती हैं, लेकिन बैंक ने उनका आवेदन यह कह निरस्त कर दिया कि शादी हो जाएगी तो लोन कौन चुकाएगा।

70 में 61 आवेदन निरस्त, केवल एक को मिला लोन
बागपत : सीडीओ अनिल कुमार सिंह ने सीएम युवा उद्यमी योजना की प्रगति बढ़ाने को शुक्रवार को बैंक अधिकारियों की विकास भवन में बैठक में समीक्षा की। सहायक आयुक्त उद्योग विशाल त्यागी ने बताया कि यूनियन बैंक आफ इंडिया में 70 में 61 आवेदन निरस्त हुए, केवल युवक को लोन मिला है। स्टेट बैंक आफ इंडिया में 187 में से 75 आवेदन निरस्त तथा इंडियन बैंक में 25 में से 13 आवेदन निरस्त किए गए। एचडीएफसी बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, ग्रामीण बैंक एक्सिस बैंक, बैंक आफ महाराष्ट्रा, आइसीआइसीआइ बैंक, आइडीबीआइ बैंक तथा इंडियन ओवरसीज बैंक ने चालू वित्त वर्ष में एक भी युवा को लोन वितरण नहीं किया है।

सहायक आयुक्त ने बताया कि सीडीओ ने बैंक अफसरों को कार्रवाई कराने तथा उनके मुख्यालय को लिखने की चेतावनी दी है। प्रत्येक बैंक के लिए एक जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किए गए जो बैंकों में सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत लोन दिलाने के लिए मानिटरिंग करेंगे। डीडीओ राहुल वर्मा ने बताया कि सीडीओ ने बैंकों के प्रबंधकों को प्रगति बढ़ाने का सख्त निर्देश दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *