ओडिशा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में जुट गई है। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय से कार्यक्रम को लेकर सकारात्मक संकेत मिल चुके हैं।
सूत्रों के अनुसार, इस मौके पर राज्य सरकार एक या दो बड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की घोषणा कर सकती है। साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी प्रधानमंत्री के हाथों कराया जा सकता है। सरकार का प्रयास है कि कार्यक्रम के माध्यम से ‘विकसित ओडिशा-विकसित भारत’ के विजन को नई गति दी जाए।
दिल्ली में पीएम से मिले थे मुख्यमंत्री
एबीवीपी के ‘नागरिक अभिनंदन समारोह’ में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि वह चार दिन पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार के दूसरे वर्षगांठ समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री ने पहले वर्ष के कार्यक्रम में भाग लेकर सरकार को मार्गदर्शन दिया था, उसी तरह इस बार भी उनके आने की सहमति मिल गई है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री जल्द ही ओडिशा दौरे पर आएंगे। हालांकि कार्यक्रम की अंतिम तारीख प्रधानमंत्री के दौरा कार्यक्रम के अनुसार तय की जाएगी।
लोकसेवा भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ने लोकसेवा भवन में विभिन्न विभागों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में विभागों की उपलब्धियों, सरकार की दो साल की उपलब्धियों और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि किन योजनाओं के कार्यान्वयन में क्या दिक्कतें आ रही हैं और उन्हें दूर करने के लिए क्या कदम उठाए जा सकते हैं। सरकार अब दूसरे कार्यकाल की प्राथमिकताओं को भी अंतिम रूप देने में जुट गई है।
लाभार्थियों पर रहेगा सरकार का फोकस
सूत्रों की मानें तो सरकार ने विभिन्न विभागों से नई योजनाओं के प्रस्ताव मांगे हैं। जिन योजनाओं से सबसे अधिक लोगों को फायदा पहुंचेगा, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। बताया जा रहा है कि 2036 तक विकसित ओडिशा के लक्ष्य को ध्यान में रखकर योजनाओं का चयन किया जाएगा।
विभागों को एक सप्ताह के भीतर योजनाओं और परियोजनाओं की सूची तैयार कर सौंपने को कहा गया है। इसके बाद अंतिम प्रस्ताव प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा जाएगा।
तेल संकट के बीच सादगीपूर्ण आयोजन की तैयारी
देश में तेल संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में रैलियों और सरकारी कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची कम करने की अपील की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार अब सीमित संसाधनों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार कर रही है। सरकार चाहती है कि कार्यक्रम भव्य भी हो और अनावश्यक खर्च से भी बचा जा सके। ऐसे में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई।


