लोगों को अनुशासन का पाठ पढ़ाने के साथ उनकी सुरक्षा का जिम्मा संभाले पुलिस विभाग के जिम्मेदार ही अब अनुशासनहीनता कर रहे हैं। शहर की मंडी चौकी इंचार्ज का इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा है। जिसमें फरियादियों की शिकायतें सुनते समय पैर टेबल पर रखे हुए हैं। पास में ही एक महिला खड़ी होकर फरियाद सुना रही है। किसी बात पर चौकी इंचार्ज महिला को फटकार भी लगा रहे हैं। सीओ सिटी ने कहाकि वीडियो देखा है, इसी आधार पर मामले की स्वयं जांच कर रहे हैं।
एक ओर सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। दूसरी तरफ जिम्मेदार पुलिस कर्मी इस अभियान को पलीता लगाते नजर आ रहे हैं। फरियादियों की समस्या सुनने और उनके निस्तारण के लिए कोतवाली, थाना व चौकी में जिम्मेदार पुलिस कर्मी बैठाए गए हैं। जिसके लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह फरियादियों की बात सुनें और आरोपितों पर कार्रवाई करें।
इंटरनेट मीडिया में प्रसारित एक वीडियो में तो इसके विपरीत दिखा। सोमवार की शाम को शहर के मंडी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अमित चतुर्वेदी का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसमें वह एक महिला की फरियाद अपने सामने रखी मेज पर पैर रख कर सुन रहे हैं। जबकि महिला खड़े होकर अपनी समस्या बता रही है। इस वीडियो के प्रसारित होने से शहर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामले में मंडी चौकी इंचार्ज अमित चतुर्वेदी ने कहा कि पैरों में दर्द हो रहा था इसीलिए वह मेज पर रखे थे।
वीडियो प्रसारित होने का संज्ञान लिया गया है। इसकी जांच वह स्वयं कर रहे हैं, जांच पूरी होने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
राजीव कुमार शर्मा, सीओ सिटी।


