हमीरपुर पुल हादसा: 11 घंटे बाद मलबे में फंसे तीन मजदूरों को निकाला गया बाहर, अब तक 6 की मौत

कुरारा क्षेत्र में शुक्रवार तड़के निर्माणाधीन पुल गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। हादसे के लगभग 11 घंटे बाद पुल में पिलर के पास फंसे तीनों मजदूरों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।

बताया जा रहा है कि ये पुल 92 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा था। इस पुल के निर्माण का जिम्मा कानपुर की ‘द सेल्टर कंपनी’ के पास था। भीषण गर्मी को देखते हुए यहां मजदूरों की सुरक्षा के लिए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट शिफ्ट में काम कराया जा रहा था।

प्राथमिक जांच के अनुसार, रात करीब 1 बजे आए तेज आंधी-तूफान के कारण पुल का भारी-भरकम स्लैब और पिलर भरभराकर गिर गया, जिससे वहां पर काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। इस हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने, राहत कार्य तेज करने और घायलों के उचित इलाज व मुआवजे के निर्देश दिए हैं। फिलहाल मौके पर एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *