केदारनाथ यात्रा में ओवररेटिंग पर पुलिस सख्त, मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं के पैसे कराए वापस

9.0kViews
1173 Shares

केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों से ओवररेटिंग करने वाले घोड़ा हॉकर्स के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भीमबली क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालुओं से अवैध वसूली का मामला पकड़ा।

जानकारी के अनुसार नरसिंहपुर, करेली और इंदौर निवासी श्रद्धालु दिनेश विश्वकर्मा, राकेश पटेल, दीपक राय, निर्मला, संगीता गाडेकर और मालिनी रखूंदे से गौरीकुंड के पास कुछ घोड़ा हॉकर्स ने छह घोड़ों के लिए करीब 39,500 रुपये वसूल लिए। यात्रियों को जिला पंचायत की कोई पर्ची भी नहीं दी गई थी।

सरकारी किराया 3,500 रुपये

पूछताछ में पता चला कि प्रति सवारी पैंसठ सौ रुपये लिए गए, जबकि गौरीकुंड से केदारनाथ तक का सरकारी किराया 3,500 रुपये निर्धारित है।

पुलिस ने जब घोड़ा संचालकों से लाइसेंस मांगा तो उनके पास कोई वैध अनुमति नहीं मिली। जांच में सामने आया कि संबंधित घोड़े मालवाहक थे, जिन्हें अवैध रूप से सवारी ढोने में लगाया गया था।

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों का पूरा पैसा वापस कराया तथा संबंधित हॉकर्स का 81 पुलिस एक्ट में चालान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *